छिंदवाड़ा पर मेहरबान रहे सांसद
मनोहर सोनी, छिंदवाड़ा. सांसद निधि खर्च करने के मामले में छिंदवाड़ा सांसद कमलनाथ प्रदेश में सबसे आगे रहे हैं। उन्होंने कार्यकाल पूरा होने से पहले ही 25 करोड़ रुपए के प्रस्ताव जिला प्रशासन के पास भेज दिए थे। हालांकि, अभी तक 80 प्रतिशत काम ही जमीन पर उतर पाए हैं। दूसरे संसदीय क्षेत्रों की तरह ही यहां भी स्वास्थ्य सेवाओं की कमी है। जलसंकट तो स्थायी बनता जा रहा है। कमलनाथ ने अधोसंरचना, रंगमंच और चबूतरा बनाने पर ज्यादा खर्च किया।
सांसद निधि और विकास को लेकर छिंदवाड़ा में राजनीति भी जमकर हुई। कमलनाथ यहां से नौ बार के सांसद हैं। अब वे प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं और विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं। उनके मुकाबले के लिए भाजपा ने केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को छिंदवाड़ा का प्रभार सौंपा था। पहले कार्यकाल में जावड़ेकर मध्यप्रदेश कोटे से ही सांसद थे। उन्होंने छिंदवाड़ा के खुटिया गांव को गोद लिया था। साथ ही सांसद निधि के 17 करोड़ रुपए जिले में ही खर्च किए। उनके कार्यकाल पूरा होने के बाद अब दो अन्य राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी और संपतिया उइके छिंदवाड़ा पर नजर गड़ाए हुए हैं। उधर, कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह और विवेक तन्खा ने भी सांसद निधि से मदद पहुंचाई।
- सड़क, पुलिया पर पौने 19 करोड़ खर्च
जिला आर्थिक सांख्यिकी कार्यालय के मुताबिक सांसद कमलनाथ ने सड़क, पुलिया, रंगमंच और चबूतरा निर्माण पर 18.75 करोड़ रुपए खर्च किए। सामाजिक भवन व अन्य निर्माण पर पौने चार करोड़ रुपए के प्रस्ताव को मंजूरी दी। सबसे कम पानी के लिए आर्थिक मदद की। क्षेत्र के अधिकतर स्वास्थ्य केंद्र समस्याओं से जूझ रहे हैं। जहां सुविधाओं के साथ डॉक्टरों व पैरा मेडिकल स्टाफ की कमी है। हालांकि, हाल ही में यहां मेडिकल कॉलेज शुरू किया गया है।
- सीएसआर से दिलाई मदद
कमलनाथ ने सांसद निधि के अलावा बैंकों व बड़े औद्योगिक समूहों से सीएसआर (कार्पोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी) मद से क्षेत्र की मदद करवाई है। बैंक ने गांवों में 400 से अधिक टंैंकर वितरित किए हैं। इसी तरह स्कूलों में प्रयोगशाला व अन्य उपकरणों के लिए कुछ औद्योगिक समूहों ने सहायता पहुंचाई है।
- छिंदवाड़ा में इन सांसदों ने खर्च की सांसद निधि
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर- 17 करोड़ रुपए
दिग्विजय सिंह -20.50 लाख रुपए
विवेक तन्खा -35 लाख रुपए
संपत्तिया उइके- 15 लाख रुपए
कैलाश सोनी- 50 लाख रुपए
- सोनी को सौंपी कमान
सांसद विकास निधि को लेकर छिंदवाड़ा में पिछले पांच साल से राजनीति सरगर्म रही है। मध्यप्रदेश कोटे से राज्यसभा सदस्य रहे केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने यहां के खूब दौरे किए थे। उनके बाद अब यहां की कमान राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी को सौंपी गई है। सोनी लगातार क्षेत्र का दौरा कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने सांसद निधि से छिंदवाड़ा को अभी तक 50 लाख रुपए ही दिए हैं। 15 लाख रुपए की मदद भाजपा की राज्यसभा सदस्य संपतिया उइके ने की है। केंद्रीय मंत्री सहित भाजपा के दूसरे बड़े नेताओं के पांच साल तक छिंदवाड़ा आने-जाने से दिलचस्प स्थिति देखने को मिलती रही है।