भोपाल

बारिश में टपकती है छत, गर्मियों में नहीं मिलता पानी

बारिश में टपकती है छत, गर्मियों में नहीं मिलता पानी
2 min read
• •
Updated: 9 May 2018, 11:54 AM IST
school
school

भोपाल. एक साल से ट्यूबवैल खराब, बच्चे घरों से पानी लाने को मजबूर। वहीं बारिश में जर्जर हो चुकी छतों से टपकता है पानी। ये हालात हैं नीलबड़ के नाथूखेड़ा स्थित शासकीय माध्यमिक स्कूल के। इस स्कूल में २२२ बच्चे पढ़ते हैं। २३ बरस पहले इस स्कूल का शुभारंभ हुआ था। बच्चों को पढ़ाने के लिए दस शिक्षकों की तैनाती की गई है, पर बुनियादी सुविधाएं आज तक इस स्कूल को नहीं मिल सकी हैं। मेन्टेनेंस के नाम पर स्कूल का रंगरोगन कर जिम्मेदारों द्वारा इतिश्री कर ली जाती है। जर्जर हो चुके स्कूल भवन के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है।

एक साल से दे रहे आवेदन
जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत कराने एवं पानी की व्यवस्था के लिए स्कूल स्टाफ एक साल से शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को पत्र लिख रहा है, पर इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मेन्टेनेंस नहीं होने से स्कूल भवन की दीवारों में दरार आ गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार स्कूल की देखरेख के लिए किसी प्रकार का फंड नही आता है, कई बार आए हुए फंड से अधूरा काम हो पाता है। इसके पहले स्कूली की मरम्मत के लिए जो फंड मिला था उससे भी अभी तक मरम्मत का काम पूरा नहीं हो पाया है इसके लिए स्कूल प्रशासन को सूचना दी गई है।

पानी को तरसते बच्चे
स्कूल में पानी की व्यवस्था करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने एक हैंडपम्प लगवाया था, लेकिन देखरेख के अभाव में ये खराब हो गया। इसके बाद पानी की कमी दूर करने के लिए यहां ट्यूबवैल लगाया गया, पर ये भी एक साल से बंद है। नतीजतन बच्चों को पीने का पानी घर से लाना पड़ता है। प्राचार्य आरएस कुरैशी ने बताया कि कई बार कहने के बाद सरपंच द्वारा पानी का टैंकर भेजा जाता है।

स्कूल में १२ कमरे है और तीन कमरे जर्जर हो गए है तो २२२ बच्चों के लिए ९ कमरे पर्याप्त है। फर्नीचर के लिए हम कोई ने कोई व्यवस्था करते है।
शिरोमणी दुबे, डीपीसी

Published on: