भोपाल

परिवार की जिम्मेदारी ने निखारा आरती में छिपा आर्टिस्ट.. देखें आरती की पूरी कहानी!

हुनर: राष्ट्रीय स्तर पर चयनित हुई इनकी कलाकृति, पिता की रीढ़ की हड्डी टूटने के बाद लडखड़़ा गया था परिवार
2 min read
• •
Updated: 27 May 2018, 8:00 AM IST
artist
परिवार की जिम्मेदारी ने निखारा आरती में छिपा आर्टिस्ट.. देखें आरती की पूरी कहानी!

भोपाल। दर्द जब चुनौती बन जाए तो जिंदगी की राह उसे जीतने से ही निकलती है। राजधानी में एक बेटी ने ऐसी ही विषम चुनौती को जीतकर अपने लिए ही राह नहीं बनाई, बल्कि रीढ़ बनकर लडखड़़ाते परिवार को संभाल लिया है। अब वह बस्ती की अन्य बेटियों के लिए एक नजीर बन गई है। राजधानी की इस आर्टिस्ट बेटी की कलाकृतियां नेशनल लेवल प्रदर्शनी के लिए चयनित की गई हैं। राहुल नगर बस्ती में रहने वाली आरती शर्मा के पिता हलवाई का काम करते थे। मां भी काम करती थी। पांच भाई-बहिनों का परिवार था। चार वर्ष पूर्व एक दुर्घटना में आरती के पिता की रीढ़ की हड्डी में ज्यादा चोट आ गई, जिससे वे चलने-फिरने में लाचार हो गए।

काम के साथ जारी रखी अपनी चित्रकारी

उनकी देखभाल के लिए मां को काम छोडकऱ घर पर रुकना पड़ा। अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी आरती और उसके बड़े भाई के कंधों पर थी। आरती उस समय दसवीं कक्षा की छात्रा थी। मुश्किल इतनी ज्यादा बढ़ गई कि आरती को पढ़ाई छोडकऱ परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाना पड़ा। वह सब काम करती थी, लेकिन उसका रुझान चित्रकारी की तरफ लगातार बना हुआ था।

हालात बने ताकत, पेटिंग में दिखी झलक

आरती जिस परिस्थिति से गुजरी उसमें वह और मजबूत हुई। शिबानी घोष बताती हैं कि हालात उसकी ताकत बने। पढ़ाई फिर से शुरू करने और परिवार को संबल देने के लिए मेंहदी लगाने जैसे छोटे-छोटे कार्य भी किए। उसकी पेंटिंग्स की प्रदर्शनी पहली बार स्वराज भवन में लगाई गई, जिसमें नेशनल लेवल पर प्रदर्शित करने के लिए उसकी कलाकृतियों का चयन किया गया है। नारी, भारतीय दर्शन व सभ्यता की झलक लिए उसकी बेजोड़ कलाकृतियों की कला के मर्मज्ञों ने सराहना की है।

ललक को देख किया सपोर्ट

परवरिश द म्यूजियम स्कूल की चीफ शिबानी घोष बताती हैं कि आरती की आर्ट के लिए ललक को देख उसे सपोर्ट किया। पहले आर्ट वर्क चालू करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि पहले कलाकारी करो, फिर पढ़ाई शुरू कराने की व्यवस्था की जाएगी।

Published on: