भोपाल

कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद राजनीति में अव्वल हैं कई माननीय

क्षेत्र में सक्रियता के साथ सदन में भी दर्ज कराते रहे उपस्थिति, सवाल भी खूब पूछे...
2 min read
Oct 04, 2018
politics
कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद राजनीति में अव्वल हैं कई माननीय

भोपाल.डॉ. दीपेश अवस्थी की रिपोर्ट...
राजनीति में शिक्षा से ज्यादा जरूरी है कि आप जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। 14वीं विधानसभा में ऐसे 63 विधायक हैं, जो कम पढ़े-लिखे होने के बावजूद किसी से पीछे नहीं हैं। उनकी क्षेत्र में पकड़ है।

वे सदन में भी सक्रिय रहे। हालांकि प्रदेश के 230 विधायकों में उच्च शिक्षितों की संख्या अधिक है। 63 विधायक 12वीं या उसे कम शिक्षित हैं। इसमें सर्वाधिक 42 विधायक 12वीं तक ही पढ़े हैं। जबकि, 10वीं पास 14 और 8वीं पास पांच विधायक हैं। ये जानकारी उन्होंने विधानसभा को दी थी।

अशोकनगर से भाजपा विधायक गोपीलाल जाटव प्राथमिक और निवाड़ी विधायक अनिल जैन सिर्फ साक्षर हैं। अनिल ने विधानसभा में 176 और जाटव ने 51 सवाल पूछे।

वहीं, श्रम मंत्री बालकृष्ण पाटीदार 10वीं, जल संसाधन राज्यमंत्री हर्ष सिंह बीए प्रथम वर्ष, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और खाद्य मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे 12वीं पास हैं।

काज में शिक्षा कभी आड़े नहीं आई। मैं मंत्री रहा हूं। सोचता हूं यदि अधिक पढ़ा-लिखा होता तो और ज्यादा बेहतर काम कर पाता।
- गोपीलाल जाटव, विधायक, अशोकनगर

मेरी मार्कशीट जल गई थीं, इसलिए मैंने चुनाव आयोग और विधानसभा में दी गई जानकारी में अपनी शिक्षा सिर्फ साक्षर लिखी है। मैं ग्रेजुएट हूं।

- अनिल जैन, विधायक, निवाड़ी

ऐसा रहा परफॉर्मेंस
अशोक रोहाणी : पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी के पुत्र हैं। 12वीं पास हैं। सदन में चर्चा में कम भाग लिया, लेकिन इन्होंने 223 सवाल पूछे।

ममता मीना : भाजपा से चाचौड़ा विधायक हैं। 10वीं पास हैं। क्षेत्र में सक्रियता के साथ सुर्खियों में भी रहती हैं। सदन में चर्चा में कम भाग लिया, लेकिन 286 सवाल पूछे।

अनीता नायक : भाजपा के पूर्व विधायक सुनील नायक की पत्नी हैं। 12वीं पास हैं। इन्हें नौ सत्र में बोलने का मौका मिला। उन्होंने 147 सवाल लगाए।

रजनीश सिंह : पूर्व मंत्री हरवंश सिंह के बेटे और केवलारी से कांग्रेस विधायक हैं। 12वीं पास हैं। क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। सदन में भी चर्चाओं में भाग लेते हैं। इन्होंने विधानसभा में 409सवाल पूछे हैं।

इमरती देवी : डबरा से कांग्रेस विधायक हैं। 12वीं पास हैं। क्षेत्र में सक्रियता के साथ सदन में उपस्थिति भी बनाकर रखी। इन्होंने विधानसभा में 164सवाल भी पूछे।

विक्रम सिंह : छतरपुर जिले के राजनगर से कांग्रेस विधायक हैं। 10वीं पास हैं। सदन में चर्चा में कम रहे, लेकिन सवाल 283 पूछे।

Updated on:
04 Oct 2018 07:19 am
Published on:
04 Oct 2018 07:19 am