किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ...
भोपाल। कांग्रेस सरकार ने किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्ज माफ किया है। इसमें तीन चरणों में कर्ज माफ किया जाएगा। इसमें पहले चरण में सिर्फ आधार लिंक वाले किसानों का ही कर्ज माफ होगा।
दूसरे चरण में बिना आधार लिंक करने का अवसर दिया जाएगा और तीसरे चरण में बगैर आधार लिंक वाले किसानों की दावे-आपत्ति सुनवाई के बाद कर्ज माफी का निर्णय लिया जाएगा। इस संबंध में राज्य सरकार ने आदेश जारी कर दिए हैं।
इसमें साफ तौर पर कहा गया है कि सोना गिरवी रखकर कर्ज लेने वाले, किसानों के समूह का कर्ज या किसान कंपनी का कर्ज माफ नहीं किया जाएगा।
कर्ज माफ के लिए मुख्य सचिव एसआर मोहंती की अध्यक्षता में एक कमेटी भी गठित की गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली हाईपावर कमेटी अलग से गठित की जाएगी।
आदेश के अनुसार 15 जनवरी से ग्राम पंचायतों में सूचियां चस्पा की जाएगी। किसानों को पांच फरवरी तक आवेदन करने का समय मिलेगा। जिन किसानों के आधार कार्ड बैंक खातों से लिंकअप नहीं है, उनकों 15 जनवरी से 5 फरवरी के बीच आधार कार्ड सीडिंग का समय दिया जाएगा।
इधर, 40 पाक नागरिकों को मिली नागरिकता...
वहीं दूसरी ओर भोपाल में लॉन्ग टर्म पर रह रहे 40 हिंदू परिवार अब भारतीय कहलाएंगे। इन परिवारों को भारत की नागरिकता मिल गई है। इसके पहले भी 38 लोगों को नागरिकता के प्रमाण पत्र दिए गए थे।
दरअसल ये परिवार लंबे समय से देश की नागरिकता लेने की जद्दोजहद कर रहे थे। केंद्रीय गृह मंत्रालय की मंजूरी और आईबी रिपोर्ट के आधार पर कलेक्टर ने इन लोगों को नागरिकता देने के प्रमाण पत्र जारी कर दिए हैं।
सबला कार्यक्रम 8 मार्च को...
प्रदेश के सभी पंचायतों में अब 8 मार्च को सबला महिला सभा और 19 नवम्बर को प्रियदर्शनी कार्यक्रम किए जाएंगे। यह निर्णय सोमवार को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री कमलेश्वर पटेल ने अधिकारियों की एक बैठक में लिए हैं। मंत्री पटेल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिला पंचायत अधिकारी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं एक नियम तरीख को अनिवार्यरूप से कराएं।