गर्मी में इन 9 चीजों को जरूर करें खाने में शामिल, हेल्दी रहेगी स्किन और बॉडी...
भोपाल। मौसम में आने वाले बदलाव के साथ ही खाने की आदतों में भी बदलाव हो जाता है। इसी के चलते ठंड में जहां हम ज्यादातर ऐसी चीजें खाते हैं, जिनकी तासीर गर्म होती है और शरीर को उससे गर्माहट मिलती है। लेकिन गर्मियों में इसके विपरीत ठंडी तासीर वाली चीजें खाते हैं।
जानकारों के अनुसार गर्मियां शुरू होते ही कई परेशानियां घेर लेती है। ऐसे में खान-पान का पूरा ध्यान रखना पड़ता है, परंतु गर्मी के कारण कई बार कुछ भी खाने को मन नहीं करता है। वहीं खाने की कुछ चीजें हमारे शरीर में गर्मी को और बढ़ा देती है, जिससे गर्मी असहनीय हो जाती है।
इस मामले में डायटिशियन अनंता श्रीवास्तव कहतीं हैं कि इस तरह की स्थिति में ऐसी चीजों को सेवन करना चाहिए, जो शरीर की गर्मी को बाहर निकालकर उसे ठंडक दे। इसके अलावा सेहत भी अच्छी बनाए रखे।
डॉक्टर राजकुमार भी कहते हैं कि गर्मियों में फूड प्वॉइजनिंग का खतरा सबसे ज्यादा होता है। इसलिए इस मौसम में खानपान ऐसा होना चाहिए, जिससे सेहत को नुकसान ना हो। उनके अनुसार आपको यह जानकर संभवत: आश्चर्य होगा कि शरीर में जब पानी की कमी होती है तो हमारे ब्रेन से पानी सोखने लगता है। इसके कारण भूलने की बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है।
डायटीशियन अनंता श्रीवास्तव कहतीं हैं कि गर्मियों में खानापान हल्का ही होना चाहिए। साथ ही पानी का ज्यादा पिएं, क्योंकि गर्मी के कारण शरीर को ज्यादा पानी की जरूरत होती है।
उन्होंने हमें बताया कि गर्मी में क्या खाना चाहिए,जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। इस मौसम में फल ज्यादा से ज्यादा खाएं। इसमें पोषक तत्व तो होते ही हैं, साथ में पानी की कमी को भी यह पूरा करते हैं।
गर्मियां आते ही अपने खानपान में इन चीजों को जरूर शामिल कर लें:
गर्मियों के सुपर फूड (staying fit in summer):
1. पानी: हर दिन 7 से 8 ग्लास पानी जरूर पिएं। इससे ना केवल आपके शरीर की पानी की जरूरत पूरी होगी, बल्कि आपका हीमोग्लोबीन और एम्यून सिस्टम भी ठीक रहेगा।
2. खीरा खाएं: खीरा में प्राकृतिक रूप से पानी की मात्रा होती है। शरीर में पानी का स्तर बनाए रखने में यह मददगार हो सकता है। खीरा में एक खास तरह का एंजाइम भी होता है जो आंतों की सेहत को बनाए रखता है। इससे त्वचा भी अच्छी रहती है।
3. तरबूज: तरबूज में 92 फीसदी पानी होता है। इसे खाने से शरीर का तापमान ठीक रहता है और बॉडी हाइड्रेटेड रहती है। वहीं तरबूज में सी और विटामिन ए भी होता है, जो आंखों और त्वचा के लिए भी फायदेमंद है।
4. आम: फलों के राजा आम की बात ही कुछ और है। गर्मी के मौसम में अगर आपने आम नहीं खाया तो क्या खाया। आम में ऐसे तत्व मौजूद होते हैं, जिनसे त्वचा का रंग साफ होता है। आम में विटामिन ए, सी और ई की मात्रा भरपूर होती है। लेकिन आम खाने से पहले उसे कुछ देर या कुछ घंटों के लिए पानी में रखें, इसके बाद ही खाएं।
5. नारियल पानी: गर्मियों में नारियल पानी का सेवन सबसे अधिक फायदेमंद होता है। नारियल पानी शरीर में पानी का स्तर बनाए रखता है और वजन घटाने में भी मददगार होता है। इसलिए गर्मियों में रोजाना नारियल पानी जरूर पिएं।
6. लीची : लीची के सेवन से हमारे शरीर को ठंडक मिलती है। इसलिए गर्मी में लीची का सेवन जरूर करना चाहिए। लीची का सेवन करने से शरीर में जरूरी खनिज तत्वों की कमी नही हो पाती है।
7. नींबू पानी या सत्तू,ठंडाई के शर्बत : गर्मी में खाने से ज्यादा तरल पदार्थों का सेवन करने को मन करता है। ऐसे में नींबू पानी, शेक या शर्बत आदि बनाकर पीएं। इससे शरीर की गर्मी दूर होगी।
8. दही और छाछ : गर्मी में दही और छाछ का सेवन करना अमृत समान है। आप इसका सेवन छोटे बच्चों को भी करवा सकते हैं। इसका सेवन करने से शरीर को लू नहीं लगती और शरीर में पानी की कमी पूरी रहती है क्योंकि इसमें 85% पानी मौजूद होता है।
9. खरबूजा : गर्मी का मौसम आया और तरबूज ,खरबूजा नही खाया तो क्या खाया। तरबूज,खरबूजे में सोडियम, पोटैशियम और विटामिन बी मौजूद होता है। गर्मी में इसका सेवन करने से शरीर को ठंडक मिलती है और शरीर में पानी की कमी पूरी रहती है।
वहीं डायटिशियन अनंता श्रीवास्तव का कहना हैं कि यदि लोग इन फूड्स को गर्मियों में निरंतर अपने खाद्य पदार्थों में शामिल करते रहे तो वे न केवल हेल्दी रहेेगे बल्कि इस मौसम में भी उनकी स्किन और बॉडी फीट रहेगी।