
Bhopal - भोपाल के बिलखिरिया थाना क्षेत्र में दुखद घटना घटी। यहां एक नवविवाहिता की मौत हो गई। उसका पति काम में लगा रहा इधर पत्नी दूसरी मंजिल से गिर गई। घटना के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां 5 घंटों में ही उसकी सांसें उखड़ गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी शुक्रवार को मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज करेंगे। बिलखिरिया पुलिस द्वारा नवविवाहिता की मौत के इस मामले की गहराई से तहकीकात की जा रही है। भोपाल पुलिस के उच्चाधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि मामला संदिग्ध नजर आ रहा है।
पुलिस के अनुसार, राजधानी के पार्क सिटी कॉलोनी में नवविवाहिता की मौत की यह घटना हुई। यहां फेस-1 में 25 वर्षीय पलक मीणा अपने पति सुमित सेन (25) के साथ रहती थी। घर में अन्य परिजन भी रहते थे।
पलक मीणा के पति बुधवार को काम पर चले गए। जेठ और ससुर भी कहीं गए हुए थे। तभी दोपहर करीब ढाई बजे वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। उस समय पलक की केवल सास ही घर पर थीं। उसके नीचे गिरते ही आसपास के लोेग एकत्रित हो गए।
काम में लगे पति सुमित सेन को पत्नी के गिरने की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन पलक को तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां उसका इलाज शुरु किया गया। दूसरी मंजिल से गिरने के लिए पलक बुरी तरह घायल हो गई थी, उसे पूरे शरीर में चोटें आई थीं। अस्पताल में उसकी हालत गंभीर बनी रही और करीब 5 घंटों तक उपचार के दौरान शाम 7.30 बजे आखिरकार उसकी मौत हो गई।
नवविवाहिता पलक की मौत की घटना संदिग्ध परिस्थितियों में होने के कारण पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पता चला है कि नवविवाहिता ने प्रेम विवाह किया था। मामले की जांच एसडीओपी बिलखिरिया द्वारा की जा रही है। पुलिस अब उसके मायके पक्ष और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज करेगी।
इधर राजधानी के कुख्यात बदमाश काला ईरानी उर्फ नजब अली और उसके परिवार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पिछले पखवाड़े में परिवार के तीन सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब उसके बेटे साहिब अली पर बागसेवनिया थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल फरार है। बताया जा रहा है कि उसने युवती से चाकू की नोंक पर ज्यादती की थी। पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय युवती और साहिब अली एक-दूसरे से परिचित हैं। अप्रैल, 2026 में आरोपी साहिब अली ने जन्मदिन मनाने के बहाने युवती को मुरली नगर स्थित घर बुलाया। पीडि़ता का आरोप है कि वहां साहिब ने उसके साथ चाकू की नोंक पर जबरन दुष्कर्म किया गया। जब युवती ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे सगाई तोडऩे की धमकी देकर चुप करा दिया था। इसके बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया।