भोपाल

‘ट्विशा शर्मा को बदनाम करने की हो रही कोशिश’, प्रेस कॉन्फ्रेंस में फफक-फफक कर रोई मां

Twisha Sharma death: ट्विशा शर्मा के पिता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दुखी होकर कहा- जो अब इस दुनिया में नहीं उसके चरित्र पर कीचड़ उछाला जा रहा है, फफक-फफक कर रो पड़ी मां ।
3 min read
May 19, 2026
actress twisha sharma
twisha sharma case

Twisha Sharma suspicious death: मिस पुणे और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा को मौत के बाद बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मध्यप्रदेश की भोपाल में ट्विशा के पिता और भाई ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ये बात कही है। ट्विशा के पिता और भाई एक बार फिर मीडिया के सामने आए। इस बार उनके साथ पूर्व सैनिकों के संगठन वर्दी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव भी मौजूद थे। वर्दी वेलफेयर एसोसिएशन ने भी ट्विशा शर्मा की निष्पक्ष जांच की मांग की है और भोपाल में कैंडल मार्च प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

'बेटी को बदनाम करने की हो रही कोशिश'

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मौजूद ट्विशा शर्मा के पिता नवनीधि शर्मा और भाई हर्षित शर्मा ने न केवल जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए, बल्कि मामले में हो रहे घटनाक्रमों को लेकर गहरा दुख भी व्यक्त किया। पिता नवनीधि ने बेहद बेहद भावुक होते हुए कहा कि- उनकी बेटी ट्विशा अब इस दुनिया में नहीं है और उनकी दिवंगत बेटी के चरित्र पर खुलेआम कीचड़ उछाला जा रहा है। आरोपी और कुछ लोग साजिश के तहत उसे बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। नवनीधि शर्मा ने साफ तौर पर कहा कि किसी मृत व्यक्ति या पीड़िता की इस तरह से चरित्र हत्या करना अपने आप में एक गंभीर कानूनी अपराध है।

देखें वीडियो-

ट्विशा के भाई हर्षित ने किया सीसीटीवी का जिक्र

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्विशा शर्मा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने जांच प्रक्रिया और पुलिस कार्रवाई पर तो सवाल उठाए ही साथ ही ये कहा कि- ट्विशा की मौत के बाद पुलिस को पहला फोन कॉल उनके परिवार की ओर से किया गया था। ट्विशा के पति समर्थ या सास गिरिबाला ने पुलिस को फोन तक नहीं किया। अब वो दावा कर रहे हैं कि वो ट्विशा की जान बचाने की जल्दबाजी में थे, लेकिन जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं उनमें साफ दिख रहा है कि ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह बेहद शांत तरीके से सीढ़ियों पर आ-जा रही हैं और ऐसा लग रहा है कि उन्हें किसी बात की कोई चिंता या जल्दबाजी नहीं है।

फफक-फफक कर रोती रही मां

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्विशा के पिता व भाई के साथ मां भी मौजूद थीं। जो पूरी कॉन्फ्रेंस के दौरान बेटी को याद कर फफक-फफक कर रोती रहीं। उनकी आंखों के आंसू रुक नहीं रहे थे, उन्हें देखकर ऐसा लग रहा था मानो उनकी आंसूओं से भरी आंखें बेटी के लिए इंसाफ मांग रही हों।

पूर्व सैनिक निकालेंगे कैंडल मार्च

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पूर्व सैनिकों के संगठन वर्दी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रिटायर्ड मेजर जनरल श्याम श्रीवास्तव ने बताया कि ट्विशा की मौत की निष्पक्ष जांच और उसे इंसाफ दिलाने के लिए पूर्व सैनिक भोपाल में कैंडल मार्च निकालेंगे। कैंडल मार्च की शुरुआत शौर्य स्मारक से होगी और “सीएम हाउस, पुलिस मुख्यालय और राजभवन पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।

12 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश व भोपाल जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

सास-पति पर दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज

कटारा हिल्स पुलिस ने इस मामले में गिरिबाला और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह को बीते शुक्रवार देर शाम भोपाल जिला अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई है। वहीं पति समर्थ सिंह अभी भी फरार है जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 6 अलग-अलग टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

Updated on:
27 May 2026 06:23 pm
Published on:
19 May 2026 08:39 pm