भोपाल

ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह का जाएगा पद!

Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा केस में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज होने के बाद सास गिरिबाला सिंह से छिन सकता है जिला उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष का पद।
2 min read
May 21, 2026
TWISHA SHARMA CASE
Twisha Sharma Death Case Retired Judge Giribala Singh Removed From Consumer Commission Post

Twisha Sharma Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा केस में सास रिटायर्ड जज और जिला उपभोक्ता फोरम अध्यक्ष गिरिबाला सिंह पर कभी भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है। ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पद से हटाया जा सकता है। साथ ही उनके खिलाफ जांच के आदेश भी जारी हो सकते हैं। मध्यप्रदेश सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने इसके संकेत दिए हैं। गिरिबाला सिंह पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज हुआ है। बता दें कि गुरुवार को इस तरह की अफवाह फैली थी कि गिरिबाला सिंह को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है।

फरार पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर सुनवाई टली

एक तरफ जहां ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है वहीं वहीं दूसरी तरफ उसके फरार पति समर्थ सिंह ने भोपाल कोर्ट में जमानत याचिका खारिज होने के बाद हाईकोर्ट में जमानत याचिका दाखिल की है, जिस पर 22 मई को सुनवाई हो सकती है। बता दें कि समर्थ सिंह के खिलाफ भोपाल पुलिस ने पहले 10 हजार रुपये ईनाम घोषित किया था जिसे बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही उसके विदेश भागने की आशंका को देखते हुए लुक आउट नोटिस भी जारी किया गया है।

कथित ऑडियो टेप आया सामने

ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में लगातार नई-नई बातें सामने आ रही हैं। गुरुवार को एक कथित ऑडियो टेप भी सामने आया है। कथित ऑडियो टेप में दावा किया गया है कि ट्विशा की सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह व ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा के बीच बातचीत हो रही है। बातचीत में गिरिबाला सिंह ट्विशा के मेजर भाई से ट्विशा शर्मा के पुराने रिश्तों और उनकी निजी जिंदगी को लेकर सवाल पूछ रही हैं। कहा जा रहा है कि बातचीत में कथित रूप से यह पूछा गया कि क्या ट्विशा पहले दूसरे मर्दों के साथ रिश्तों में थीं, क्या उन्होंने फायदे के लिए संबंध बनाए थे और क्या शादी के बाद भी ऐसा व्यवहार जारी रहेगा। इस कथित ऑडियो की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और न ही पत्रिका इस ऑडियो क्लिप की पुष्टि करता है।

12 मई की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

31 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थी। दिसंबर, 2025 में शादी डॉट कॉम के जरिए ट्विशा की शादी भोपाल की पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के अधिवक्ता बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। 12 मई की रात ट्विशा नोएडा में रहने वाली अपनी मां और अन्य परिजनों से बात कर बता रही थी कि उसे टार्चर किया जा रहा है। नौकरी छोड़ने के कारण नाकारा कहा जा रहा है। मुझे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा है। इसके बाद ही उसका फोन कट गया और दो घंटे बाद सास गिरिबाला सिंह ने मायके वालों को फोन कर बताया कि ट्विशा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ट्विशा के मायके वालों ने पति व ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।

Updated on:
27 May 2026 06:23 pm
Published on:
21 May 2026 06:21 pm