
Twisha Sharma friend statement: एमपी में भोपाल शहर के बहुचर्चित मामले ट्विशा शर्मा केस में बड़ा अपडेट सामने आया है। बता दें कि एमपी सरकार ने भोपाल की ट्विशा शर्मा के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंपने की सिफारिश की है। मामले में मृतका के परिजनों ने साक्ष्य छिपाने और जांच को प्रभावित करने के आरोप लगाते हुए CBI जांच की मांग की थी। परिजनों का आरोप है कि ट्विशा के ससुराल पक्ष में शामिल एक पूर्व जिला जज के प्रभाव के कारण निष्पक्ष जांच प्रभावित हो सकती है।
ट्विशा के दोस्तों ने आरोप लगाया है कि उनके पति समर्थ रिश्तेदारों और दोस्तों के सामने अक्सर उन्हें ज़लील किया करते थे। उनके तीन दोस्तों ने दावा किया कि समर्थ अक्सर ट्विशा की सबके सामने बेइज़्ज़ती करता था और उसे "गंवार" कहकर बुलाता था। दोस्तों ने यह भी आरोप लगाया कि ट्विशा का गर्भपात होने के बाद तनाव और बढ़ गया। उन्होंने दावा किया कि समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह, बार-बार ट्विशा से प्रेग्नेंसी के बारे में पूछते थे और पूछते थे कि बच्चे का पिता कौन है। गिरिबाला सिंह भी इस मामले में सह-आरोपी हैं।
"जहां तक गर्भपात की बात है, तो यह एक अनचाही प्रेग्नेंसी थी," उन्होंने कहा शादी के दिनों को याद करते हुए, ट्विशा के दोस्तों ने बताया कि समर्थ ने शादी के बाद ट्विशा का ख्याल रखने का वादा किया था, क्योंकि वह दूसरे शहर जा रही थी। "एक तरफ तो उसने ऐसे वादे किए, और दूसरी तरफ उसने ऐसे काम किए,"।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि ट्विशा के माता-पिता ने उसे घर वापस लाने के लिए टिकट बुक कर लिए थे, लेकिन बाद में उन्होंने यह प्लान रद्द कर दिया, क्योंकि गिरिबाला सिंह ने कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि अगर ट्विशा घर छोड़कर गई, तो उसे वापस नहीं आने दिया जाएगा।
एक और करीबी दोस्त ने बताया कि ट्विशा दो फोन रखती थी, एक काम के लिए और दूसरा निजी इस्तेमाल के लिए। उसने आरोप लगाया कि ट्विशा की मौत के बाद, उसके ससुराल वालों ने उसका निजी फोन उसके परिवार से दूर रखने की कोशिश की।
बता दें कि ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ित करने और दहेज मांगने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता के परिवार की तरफ से बताया गया है कि ट्विशा के साथ ससुराल वाले अच्छा व्यवहार नहीं करते थे। बाद में ट्विशा का भोपाल के एम्स में पोस्टमार्टम करवाया गया, लेकिन परिवार ने इसे मानने से इंकार कर दिया। घटना के बाद से ही आरोपी पति समर्थ सिंह फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है और 30 हजार का इनाम भी घोषित किया है।
ट्विशा के परिजन ने जमानत याचिका पर आपत्ति लगाई है। उसके पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाए हैं कि समर्थ जुलाई 2023 से अगस्त 2025 तक मध्य प्रदेश सरकार में लीगल एडवाइजर के तौर पर काम कर चुका है। वह फरारी के दौरान केस को प्रभावित कर रहा है। ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह को पत्र लिखकर कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे को हटाने की मांग भी की है।
इन सबके बीच अभिनेत्री ट्विशा शर्मा के परिजनों ने उसके शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए शुक्रवार को मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय का रुख किया। ट्विशा के परिजनों के वकील ने बताया कि दोबारा पोस्टमार्टम कराने के लिए दायर की गई याचिका में पहले पोस्टमार्टम को चुनौती दी गई है और कहा गया है इसकी रिपोर्ट में बहुत सारी खामियां हैं।