
भोपाल. मध्य प्रदेश के उज्जैन में स्वास्थ्य विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग ने एक युवक की कोरोना वायरस से मौत की जानकारी दे दी। युवक ने जब अखबार में अपनी मौत की खबर पढ़ी तो उसे यकीन नहीं हुआ। उसके बाद उसने सोशल मीडिया का सहारा लिया और एक वीडियो जारी कर कहा कि 'मैं जिंदा हूं'।
फिर क्या था, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वायरल वीडियो स्वास्थ्य विभाग तक पहुंच गया। वीडियो देखते ही अधिकारी अलर्ट हुए और छनबीन शुरू कर दी। छानबीन की तो पता चला कि नाम में गलतफहमी होने के कारण जिंदा को मृत और मृत को जिंदा बता दिया गया।
क्या बोल रहा मरीज
वायरल वीडियो में मरीज ने बताया कि वह दो दिन पहले कोरोना की जांच करवाने अपनी मां और भांजे के साथ माधव नगर के एक अस्पताल गया था। वहां से उसे आरडी गार्डी अस्पताल भेज दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि वह कोरोना पॉजिटिव है या नहीं, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।
CMHO ने क्या कहा?
इस मामले पर उज्जैन के चीफ मेडिकल और हेल्थ ऑफिसर ( CMHO ) डॉ अनसुइया गवाली ने कहा कि नाम और पता में गलतफहमी होने के कारण ऐसा हुआ। उन्होंने कहा कि एक जैसे नाम होने के चलते यह गलती हुई। उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को एक 60 साल के व्यक्ति की मौत हुई थी। उसका और इस मरीज का नाम एक ही है, लेकिन दोनों अलग-अलग मोहल्ले के रहने वाले हैं।