कमल नाथ खेमे के भी कई मंत्री दिग्विजय के खिलाफ बयान दे रहे हैं। कांग्रेस में गुटबाजी तेज हो गई है।
भोपाल. मध्यप्रदेश कांग्रेस की आपसी गुटबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। प्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंघार ने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर एक बार फिर से बड़ा हमला बोला है। आईएएस, आईपीएस के तबादलों में दखलअंदाजी करने का आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिग्विजय सिंह रेत का धंधा और शराब का कारोबार करवा करे हैं।
तबादले-पोस्टिंग करा रहे हैं दिग्विजय
उमंग सिंघार ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलेत हुए कहा कि दिग्विजय सिंह खुद उल्टे-सीधे धंधे करा रहे हैं। भाजपा के समय से जमे अधिकारियों को अब तक नहीं हटाया गया है। उमंग सिंघार ने हमला बोलते हुए कहा- प्रदेश में परिवहन आयुक्त जैसे पद पर एक ही अधिकारी सालों से जमा हैं। बता दें कि उमंग सिंघार इससे पहले भी दिग्विजय के खिलाफ हमला बोल चुके हैं।
पर्दे से पीछे सरकार चला रहे हैं दिग्विजय
बता दें कि इससे पहले उमंग सिंघार ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा था कि दिग्विजय सिंह को लेटर लिखने की क्या जरूरत है वो तो खुद पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे हैं।
सोनिया को भी लिखा लेटर
वहीं, उमंग सिंघार ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को लेटर लिख कर दिग्विजय सिंह की शिकायत की है। उन्होंने लिखा कि दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं।
भाजपा ने ली चुटकी
वहीं, उमंग सिंघार के बयान के बाद भाजपा ने कमलनाथ सरकार पर चुटकी ली है। पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- कांग्रेस को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मुख्यमंत्री पद की जिसने शपथ ली है, वही सरकार चलाए। अफसरों के लिए बड़ी अजीबोगरीब और असमंजस की स्थिति निर्मित हो गई है कि वे किसकी सुनें, किसकी नहीं, किसकी मानें, किसकी नहीं, इसलिए कांग्रेस को स्थिति स्पष्ट कर इस संकट को समाप्त करना चाहिए।