भोपाल

एमपी को 3774 करोड़ की बड़ी सौगात देंगे केंद्रीय मंत्री अमित शाह, 4 लेन से सीधे जुड़ेंगे 8 जिले

जंबूरी मैदान से गोपालकों को करेंगे संबोधित, भोपाल के पश्चिमी बायपास की आधारशिला रखेंगे अमित शाह, सीएम मोहन यादव ने शाह के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की
2 min read
• •
Sep 30, 2026
भोपाल के पश्चिमी बायपास की आधारशिला रखेंगे अमित शाह
भोपाल के पश्चिमी बायपास की आधारशिला रखेंगे अमित शाह- image credit X @AmitShah

3 अक्टूबर को प्रवास पर आ रहे केंद्रीय मंत्री अमित शाह राज्य को बड़ी सौगात देंगे। वे भोपाल में बनने वाले पश्चिम बायपास (Western Bhopal Bypass) की आधारशिला रखेंगे। 3774 करोड़ रुपए का यह बायपास प्रदेश के 8 जिलों को सीधा जोड़ देगा। इससे जबलपुर, नरसिंहपुर, नर्मदापुरम, हरदा, भोपाल, रायसेन, सीहोर जिले के लोगों का इंदौर आना-जाना सुगम होगा। भारी वाहनों को भोपाल के अंदर आए बिना इंदौर का सीधा रास्ता मिलेगा जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि शहर का भी ट्रैफिक जाम कम होगा। सीएम मोहन यादव ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की।

केंद्रीय मंत्री अमित शाह जंबूरी मैदान में होने वाले राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में प्रदेश के 35 हजार गोपालक और सहकारी दुग्ध उत्पादन समिति को संबोधित भी करेंगे। ये गोपालक व सदस्य भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन नर्मदापुरम जिलों के होंगे।

जंबूरी मैदान में ही न्याय संहिता और पुलिस अभियानों पर केंद्रित पुलिस विभाग द्वारा राज्य स्तरीय प्रदर्शनी लगाई जा रही है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन और अवलोकन भी करेंगे।

सीएम ने की समीक्षा

केंद्रीय मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने बताया कि केंद्रीय मंत्री भौरी के पास आइआइएसइआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास और परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके अलावा उज्जैन में 255 करोड़ और भोपाल में फार्मेटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब सहित अन्य कई सौगातें भी देंगे।

भोपाल पश्चिमी बायपास प्रोजेक्ट

करीब ₹3774 करोड़ का यह सड़क प्रोजेक्ट 35.61 किलोमीटर लंबा एक प्रमुख फोर-लेन प्रोजेक्ट है। यह बायपास मंडीदीप के समीप इटायाकलां में भोपाल-जबलपुर मार्ग से शुरू होकर कोलार और रातीबड से होते हुए भोपाल-देवास इंदौर मार्ग पर ग्राम फंदा कलां तक जाएगा। पहले इसकी लंबाई 40.90 किमी रखी गई थी। संशोधित अलाइनमेंट के बाद घटाकर 35.61 किमी कर दी गई।

भोपाल पश्चिमी बायपास प्रोजेक्ट में सर्विस रोड, फ्लाईओवर, बड़े ग्रेड सेपरेटर और एक बड़ा रेलवे ओवरब्रिज (ROB) शामिल होगा। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए रातापानी क्षेत्र के पास विशेष एलिवेटेड रास्ते (वाइल्डलाइफ वायडक्ट) भी बनाए जाएंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को इस परियोजना का भूमि पूजन करेंगे।

Updated on:
30 Sept 2026 08:30 am
Published on:
30 Sept 2026 08:29 am