भोपाल

क्या रद्द हो सकते हैं एमपी के 2023 के चुनाव! अरविंद केजरीवाल की मांग पर सामने आया बड़ा अपडेट

अरविंद केजरीवाल ने मध्यप्रदेश सहित कई राज्यों के चुनाव निरस्त करने की मांग की, वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा कि ठोस साक्ष्यों के बिना मुमकिन नहीं
2 min read
• •
Updated: 25 Sep 2026, 3:48 PM IST
mp chunav
mp chunav - फाइल फोटो (Source-Patrika)

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार देशभर में विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। उनपर SIR सहित कुछ अन्य फैसलों में शेष आयुक्तों की अनसुनी करने सहित अनेक गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उन पर मुकदमा चलाने की भी मांग की जा रही है। इसी क्रम में आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कई राज्यों में हुए चुनावों को रद्द करने की भी मांग की है। इसमें मध्यप्रदेश भी शामिल है। हालांकि व्यवहारिक और कानूनी रूप से यह मुमकिन नहीं लगता। देश के वरिष्ठ वकील और कानूनविद कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा का कहना है कि अरविंद केजरीवाल की मांग को अभी केवल राजनैतिक बयान के रूप में ही देखा जाना चाहिए। किसी राज्य के चुनाव को असाधारण परिस्थिति में ही रद्द किया जा सकता है। सांसद विवेक तन्खा ने यह भी कहा कि यदि इस संबंध में कोई ठोस साक्ष्य उपलब्ध हों तो कोर्ट में याचिका दायर करने पर कुछ संभावना बन सकती है पर देश में आज तक ऐसा हुआ नहीं है।

चुनाव आयोग में आंतरिक कलह की खबरों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चौतरफा घिर गए हैं। पूरा विपक्ष उनपर हमलावर है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीईसी ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को पूरी तरह से रद्द करने और पिछले तीन वर्षों के बदलावों को हटाकर पुरानी मतदाता सूची बहाल करने की मांग की है।

अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि SIR प्रक्रिया के तहत देशभर में 13 करोड़ से अधिक नाम हटाए गए हैं। विशेष बात यह है कि उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में 6 राज्यों में हुए चुनाव रद्द करने की भी मांग की है। अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली, महाराष्ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और छत्तीसगढ़ सहित मध्यप्रदेश में हुए चुनाव को रद्द कर नए सिरे से मतदान कराने की मांग की है।

हालांकि कानूनी और व्यवहारिक रूप से आप नेता अरविंद केजरीवाल की यह मांग पूरी होना संभव नहीं है। देश के वरिष्ठ कानूनविद कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के अनुसार केजरीवाल की इस मांग को अभी केवल राजनैतिक बयान के रूप में लिया जाना चाहिए। यदि कोर्ट में ठोस साक्ष्य पेश किए जा सकें तो ही कुछ उम्मीद बंध सकती है। सांसद विवेक तन्खा ने यह भी कहा कि राज्यों के चुनाव निरस्त करने का आज तक देश में कोई उदाहरण सामने नहीं आया है। ऐसा केवल असाधारण परिस्थितियों में ही संभव हो सकता है।

किसने क्या कहा:

लोकसभा- विधानसभा चुनाव फेक:

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी ज्ञानेश कुमार पर हमला किया। दिल्ली में प्रेस कान्फ्रेंस में उन्होंने चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोदी-शाह पर एंटी-इनकंबेंसी इसीलिए असर नहीं करती। उन्होंने कहा कि भारत में सत्ता विरोधी लहर बड़ी राजनीतिक ताकत रही है। इंदिरा गांधी को भी बांग्लादेश युद्ध जीतने के बावजूद एंटी-इनकंबेंसी का सामना करना पड़ा। मोदी-शाह पर यह क्यों बेअसर है, इसका जवाब दो चुनाव आयुक्तों ने दे दिया है।

कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने त्यागपत्र मांगा

सीजेपी कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 48 घंटों में सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे व उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने, एसआइआर प्रक्रिया व आगामी चुनावों को रोकने और जनवरी 2025 की वोटर लिस्ट बहाल करने की मांग की है।

एसआइआर अवैध

पूर्व सीईसी एसवाई कुरैशी ने कहा है कि मौजूदा एसआइआर अवैध है और इसे रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयुक्त खुद अपनाई जा रही प्रक्रियाओं पर सवाल उठा रहे हैं, इससे फैसलों की वैधता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और सभी अवैध फैसलों को रद्द किया जाना चाहिए।

Updated on:
25 Sep 2026, 3:48 PM IST
Published on: