
mp forest guard jail prahari result 2026- मध्यप्रदेश में रिजल्ट का इंतजार कर रहे वन रक्षक, क्षेत्ररक्षक, जेल प्रहरी और सहायक जेल अधीक्षकों का इंतजार खत्म हो गया है। कर्मचारी चयन मंडल ने इसके परिणाम घोषित कर दिए हैं। परीक्षा में 14950 उम्मीदवारों का चयन अगले चरण के लिए किया गया है। यह रिजल्ट https://esb.mp.gov.in/ पर देखा जा सकता है।
शनिवार सुबह से इस रिजल्ट के बारे में पता चला तो अभ्यर्थी हैरान हो गए। कर्मचारी चयन मंडल ने यह रिजल्ट शुक्रवार देर रात को जारी किया है। इन परीक्षाओं के लिए 4 जून से 20 जून के बीच आनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। वन एवं जेल विभाग और वन विकास निगम के निर्देशों के मुताबिक सभी अभ्यर्थियों के नंबर सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पूरे होने के बाद अंक वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे।
कर्मचारी चयन मंडल के मुताबिक सहायक जेल अधीक्षक (MP Assistant Jail Superintendent Result 2026), जेल प्रहरी (MP Jail Prahari Result 2026) के रिक्त पदों के दस गुना मान एवं वन रक्षक (MP Forest Guard Result 2026) , क्षेत्ररक्षक (MP Kshetra Rakshak Result 2026) के रिक्त पदों के पांच गुना मान के कुल 14950 अभ्यर्थी द्वितीय चरण की परीक्षा के लिए पात्र हुए हैं। इसके बाद 1679 पदों को भरा जाएगा। ऑन लाइन परीक्षा के बाद मंडल की ओर से आदर्श उत्तर कुंजी वेबसाइट पर अभ्यावेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त अभ्यावेदनों पर अंतिम उत्तर समिति के विषय विशेषज्ञों द्वारा आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया गया है। नियम पुस्तिका में दिए गए बिन्दुओं के मुताबिक रिजल्ट वन/जेल विभाग/वन विकास निगम लिमिटेड को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके आधार पर विभाग की ओर से दूसरे चरण की कार्यवाही शुरू की जा सकेगी।
मंडल ने यह भी कहा है कि आनलाइन आवेदन पत्रों के साथ अभ्यर्थियों से किसी तरह के दस्तावेज, अंकसूची, प्रमाण पत्र आदि नहीं मांगे गए थे। अतः दूसरे चरण के लिए योग्य आवेदकों की समस्त जानकारियों, दस्तावेजों, प्रमाण पत्रों के सत्यापन एवं परीक्षण विभाग स्तर से किया जाएगा।
जेल प्रहरी: 757 पद
वन रक्षक: 728 पद
क्षेत्र रक्षक: 169 पद
जेल अधीक्षक: 25 पद