
भोपाल. मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा-कांग्रेस चुनाव प्रचार में जुट गई हैं। भांडेर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार फूल सिंह बरैया का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में कई आपत्तिजनक बातें हैं। वहीं, कांग्रेस का आरोप है कि इस वायरल वीडियो को एडिट करके भाजपा द्वारा झूठ फैलाया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ खुद फूल सिंह बरैया ने भी कहा है कि उन्होंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है।
क्या है वायरल वीडियो में
सोशल मीडिया में जो वीडियो वायरल हो रहा है। उस वीडियो में भांडेर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जातिवाद को लेकर विवादित टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। भांडेर से कांग्रेस प्रत्याशी फूल सिंह बरैया का शुक्रवार को एक वीडियो वायरल हुआ इस पर दिनभर सियासत गर्म रही। शाम को बरैया ने वीडियो का खंडन करते हुए इसे विरोधियों की साजिश बताया। उन्होंने कहा- इसे काट-छांट कर तैयार किया गया है। वीडियो को फर्जी बताते हुए बरैया ने आरोप लगाया कि भाजपा झूठ के सहारा ले रही है। भाजपा चाहती है- मैं कोट कचहरी और शिकायत पर उलझ जाऊम और ये लोग झूठ से चुनाव जीत जाए।
वहीं, मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा कि हार के डर से बौखला कर भाजपा झूठ और एडिटेड वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर डर्टी पॉलिटिक्स कर रही है। कांग्रेस ने इसके खिलाफ शिकायत करने की बात कही है।
क्या है वीडियो में
वीडियो कब का है यह स्पष्ट नहीं है इसमें बरैया एक सभा को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं वह कह रहे हैं कि सवर्ण विदेशी हैं। दलित और मुसलमानों को भाई बताया है। इस विवादित वीडियो की चुनाव आयोग से भी शिकायत की गई है। बरैया इस वीडियो में कह रहे हैं कि मुसलमानों से भारत छोड़ने की बात करने वाले सवर्णों को पहले खुद देश छोड़ना चाहिए क्योंकि वह मुसलमानों के बाद भारत आए हैं। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि हम अनुसूचित जाति के लोग और मुसलमान एक ही पिता की संतान हैं चाहे तो डीएनए टेस्ट करा लिया जाए, उन्होंने ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल के एक भाषण का उदाहरण देते हुए बताया कि एक बार जब हिंदुओं ने अंग्रेजों से भारत छोड़ने की मांग की तो चर्चिल ने कहा कि अगर भारत के मूल निवासी इस बात मांग करेंगे तो विचार किया जाएगा।
( नोट- पत्रिका डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। ये खबर वायरल वीडियो और कांग्रेस उम्मीदवार द्वारा दी गई सफाई के आधार पर बनाई गई है। )