भोपाल

weather update : अब मॉनसून तोड़ेगा 10 साल का रिकॉर्ड, बारिश का कोटा पूरा

weather update : break 10-year-old rain record - कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने से कहीं धूप कहीं भारी बारिश का अलर्ट, अब और बारिश हुई तो टूट सकता है 10 साल का रिकॉर्ड, बारिश का कोटा पूरा
2 min read
• •
Updated: 17 Aug 2019, 4:03 PM IST
weather update rain record

भोपाल. मानसून के मेहरबान रहने से बारिश का आंकड़ा धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। शहर में गुरुवार को 16.6 मिमी बारिश हुई, जिसके बाद इस सीजन में बारिश का आंकड़ा 1098.5 मिमी पर पहुंच गया। शुक्रवार को कुछ देर की बूंदाबांदी से इसमें 1.6 मिमी की बढ़ोतरी दर्ज की गई और इस मानसूनी सीजन में कुल बारिश का आंकड़ा 1100 मिमी को पार कर गया। शहर में बारिश का सामान्य औसत 998.6 मिमी है। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है, वहीं राजधानी में भी अच्छी बारिश हो सकती है। ऐसे में अच्छी बौछारें पड़ जाएं तो इस मानसून में पिछले 10 साल का रेकॉर्ड टूट सकता है।

2016 में हुई थी सबसे अधिक बरसात

इस वर्ष शहर पर मानसून मेहरबान है, अगस्त महीना आधा बीतने तक ही आंकड़ा सामान्य कोटे से ऊपर पहुंच चुका है। वहीं आगामी दिनों में लगातार अच्छी बारिश की उम्मीद है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके नायक ने बताया कि मानसून पैटर्न बदल रहा है, अब मानसून सितम्बर तक सक्रिय रह रहा है वहीं एक्सट्रीम इवेंट भी ज्यादा हो रहे हैं, ऐसे में एक या दो सिस्टम भी अच्छी बरसात करा गए तो 2014 के आंकड़े तक भी आंकड़ा पहुंच सकता है। गौरतलब है कि 2016 में कुल 1431.5 मिमी बरसात दर्ज की गई थी जो पिछले 10 सालों में सबसे ज्यादा है।

वर्ष- मानसून की कुल बारिश

2008- 695.9
2009- 862.2
2010- 597.7
2011- 1230.9
2012- 1191.9
2013- 1320.5
2014- 759
2015- 164.5
2016- 1431.5
2017- 729.8
2018- 806.5

तीन दिनों से बारिश का सिलसिला जारी

शहर में पिछले तीन दिनों से बारिश का अच्छा दौर जारी है, बुधवार शाम से शुरू हुई बारिश पूरी रात बिना जारी रही, जिससे गुरुवार सुबह तक एक दिन में 67 मिमी बरसात दर्ज की गई। गुरुवार दिन भर बूंदाबांदी होने से मौसम सुहाना रहा और शुक्रवार सुबह तक 16.6 मिमी बरसात दर्ज की गई। शुक्रवार को भी दिन भर बादल आते-जाते रहे और दिन में तीन-चार बार कुछ-कुछ देर की बौछारें पड़ीं, जिससे शाम तक 1.6 मिमी बरसात दर्ज की गई। इस तरह कुल बारिश 1100.5 तक पहुंच चुकी है।


अभी भी मेहरबान रहेगा मानसून

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर पूर्व राजस्थान में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय होने के चलते प्रदेश के उत्तर पश्चिमी हिस्सों के आठ जिलों में भारी बारिश की आशंका है वहीं इस सिस्टम के असर से राजधानी में अच्छी बारिश होगी। गुरुवार की अपेक्षा शुक्रवार को बरसात थमने और कुछ-कुछ देर के लिए धूप निकलने से शहर का अधिकतम तापमान चार डिग्री बढ़ गया जोकि 28.8 डिग्री दर्ज किया गया। इस बीच न्यूनतम तापमान में भी आधा डिग्री की बढ़ोत्तरी हुई और यह 22 डिग्री दर्ज किया गया।

Published on: