MP Weather: मौसम विज्ञानी ने बताया कि अभी मौसम शुष्क रहेगा। दिन के तापमान इसी तरह बने रहेंगे, वहीं रात में थोड़ी गिरावट हो सकती है, जिससे ठंडक बनी रहेगी।
MP Weather: इन दिनों मौसम की रंगत लगातार बदल रही है, साथ ही तापमान में भी उतार चढ़ाव की स्थिति बनी है। फरवरी की शुरुआत से ही बादल, कोहरे और हवा के रुख में लगातार बदलाव के चलते कभी ठंडक तो कभी उमस का दौर बना हुआ है। फिलहाल मौसम शुष्क होने लगा है, ऐसे में रात में हल्की ठंडक रह सकती है, लेकिन दो तीन दिन बाद फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है।
पांच दिन से न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर चल रहा है, ऐसे में रात में सर्दी से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन अब हवा का रुख उत्तर पूर्वी हो गया है, ऐसे में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट हो रही है, जिससे रात में ठंडक बरकरार है। फिलहाल मौसम का ट्रेंड इसी तरह रहने की संभावना है।
सुबह विजिबिलिटी 2 हजार मीटर तक रही और मौसम शुष्क रहा। शहर का अधिकतम तापमान 25.4 और न्यूनतम 13 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में बुधवार के मुकाबले 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है जबकि न्यूनतम तापमान में 1 डिग्री की गिरावट आई है।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि अभी मौसम शुष्क रहेगा। दिन के तापमान इसी तरह बने रहेंगे, वहीं रात में थोड़ी गिरावट हो सकती है, जिससे ठंडक बनी रहेगी। एक पश्चिमी विक्षोभ 8 फरवरी को सक्रिय होने की संभावना है, इसके प्रभाव के कारण 9-10 के आसपास मौसम का मिजाज फिर थोड़ा बदल सकता है। इससे न्यूनतम तापमान में फिर थोड़ी बढ़ोत्तरी हो सकती है।
प्रदेश में सबसे ठंडा राजगढ़ रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया। रीवा में 7.2, खजुराहो में 8.2, दतिया में 8.4, दमोह और सतना में 9.6 डिग्री तथा पचमढ़ी में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल और उज्जैन में 13 डिग्री, इंदौर में 13.2 और जबलपुर में 13.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि ग्वालियर में पारा 9 डिग्री तक लुढ़क गया।