Western disturbance will cost heavily to MP एमपी में मौसम का मिजाज बर्फीला बना हुआ है। बीते कुछ दिन से ठिठुरा देने वाली हवाएं चल रही हैं, पेड़-पौधों के पत्तों पर बर्फ जम रही है।
एमपी में मौसम का मिजाज बर्फीला बना हुआ है। बीते कुछ दिन से ठिठुरा देने वाली हवाएं चल रही हैं, पेड़-पौधों के पत्तों पर बर्फ जम रही है। शनिवार को राज्य के कई शहरों में पारा थोड़ा चढ़ा। इससे दोपहर के समय सर्दी से कुछ राहत रही लेकिन शाम होते ही ठंड फिर से बढ़ गई। इस बीच आईएमडी ने 12 जनवरी तक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। एमपी के 21 जिलों में 12 जनवरी को ओलावृष्टि और बरसात होने की संभावना है।
एमपी में आगामी दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। ठंड के कारण आम जन-जीवन खासा प्रभावित हो रहा है। सुबह-सुबह कोहरा भी छाया रहता, जिससे फसलों में पाला पड़ने की आशंका भी बढ़ गई।
पानी गिरने के आसार
भोपाल मौसम विज्ञान केंद्र के डॉ. वेद प्रकाश सिंह का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा बढ़त की संभावना नहीं है। अभी पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। पश्चिमोत्तर भारत के ऊपर मध्य समुद्र तल से 12.6 किमी ऊंचाई पर 250 किमी प्रति घंटा की गति से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। इस कारण उत्तर भारत में बर्फबारी और बर्फीली हवाएं बढ़ी हैं। एमपी के मौसम पर भी इसका व्यापक असर पड़ा है।
मौसम विभाग की मानें तो आगामी मकर संक्रांति तक ऐसे ही मौसम का अनुमान है, फिर धीरे-धीरे ठंड कम हो सकती है। आईएमडी ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण 12 जनवरी तक आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान ओलावृष्टि का भी अनुमान जताया गया है जिससे सर्दी और बढ़ सकती है। कई जिलों में सुबह पाला भी गिरेगा।
मौसम विभाग के अनुसार 12 जनवरी को प्रदेश के 21 जिलों में बरसात होने की संभावना है। इनमें अनूपपुर, बैतूल, छतरपुर, दमोह, डिंडौरी, मंडला, पन्ना, कटनी, मऊगंज, मैहर, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, शहडोल, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली, उमरिया शामिल हैं।