भोपाल

भोपाल में आज से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की शुरुआत, आमने-सामने हैं 6 टीमें

Women’s Asian Hockey Champions Trophy: भोपाल के नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 19 से 28 नवंबर तक महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होगा। भारतीय महिला टीम खिताब की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगी।
3 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 1:26 PM IST
women asian hockey champions trophy 2026
women asian hockey champions trophy 2026- भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित इंटरनेशनल स्टेडियम में प्रैक्टिस करती टीम। (फोटो-अजय शर्मा)

Hockey Champions Trophy: हॉकी के जादूगर माने जाते हैं मेजर ध्यानचंद। उनकी जादुई स्टिक से लेकर ऐतिहासिक ऐशबाग स्टेडियम के मैदानों तक भोपाल का हॉकी के साथ एक गहरा नाता रहा है। हॉकी की इसी नर्सरी और माटी पर एक बार फिर भारतीय हॉकी के स्वर्णिम इतिहास का नया पन्ना पलटने जा रहा है। 19 से 28 नवंबर तक नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आगाज होगा। आत्मविश्वास से लबरेज भारतीय टीम इतिहास रचने के संकल्प के साथ गुरुवार को मैदान में उतरेगी। यह टूर्नामेंट न सिर्फ मध्यप्रदेश के खेल इतिहास में एक मील का पत्थर है, बल्कि शहर में अंतरराष्ट्रीय हॉकी की लगभग तीन दशक बाद हो रही धमाकेदार वापसी भी है।

चैम्पियनशिप के लिए टीम तैयार

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा है कि उनकी टीम चैम्पियनशिप के लिए पूरी तरह तैयार है। 'मध्य प्रदेश महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026' के उद्घाटन की पूर्व संध्या पर भारत सहित जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की कप्तानों ने मीडिया से चर्चा की। बता दें कि महाद्वीपीय खिताब के लिए छह टीमें मैदान में उतरेंगी। भारत पिछले दो संस्करणों का विजेता रहा है और इस बार खिताब की हैट्रिक लगाने उतरेगा।

भोपाल हॉकी की नर्सरी, युवाओं को मिलेगी प्रेरणा

सलीमा ने भोपाल की खेल संस्कृति की सराहना करते हुए कहा कि यह शहर हमेशा से भारतीय हॉकी की नर्सरी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बड़े टूर्नामेंट के आयोजन से शहर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी और भोपाल की गौरवशाली खेल परंपरा फिर से जीवंत होगी। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि जहां अधिकतर दूसरी टीमों में नए (डेब्यूटेंट) खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं भारतीय टीम के पास अनुभवी खिलाड़ियों की मजबूत फौज है।

22 को अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बीच 22 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग नाथू बरखेड़ा अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रथम चरण का लोकार्पण करेंगे। समारोह में गायक सुखविंदर सिंह संगीतमय प्रस्तुति देंगे। इस दिन भारत और थाईलैंड के बीच शाम 4.30 बजे मुकाबला खेला जाएगा।

भारतीय टीम के लिए उपलब्धियों भरा रहा 2026

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए वर्ष 2026 उपलब्धियों से भरा रहा है। टीम ने हैदराबाद में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में जगह बनाई। न्यूजीलैंड में एफआईएच महिला नेशंस कप में सभी पांच मुकाबले जीतकर खिताब जीता। एफआईएच प्रो लीग में पदोन्नति हासिल की। बेल्जियम में विश्व कप में पांचवां स्थान प्राप्त किया, जो वर्ष 1974 के बाद हॉकी टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। जापान में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा।

चीनी कप्तान ने कहा कोई दबाव नहीं है…

चीनी कप्तान वेई किशियाओ ने अब तक कोई सीनियर टूर्नामेंट नहीं खेला है। इसके बावजूद उन्होंने कहा कि अनुभवहीनता और युवा टीम की कप्तानी का उन पर कोई दबाव नहीं है। भारतीय टीम लीग चरण में पांच मुकाबले खेलेगी। मलेशिया के बाद 21 नवंबर को भारत का मुकाबला दक्षिण कोरिया, 22 को थाईलैंड, 24 को चीन और 25 को जापान से होगा। प्रतियोगिता राउंड रॉबिन प्रारूप में आयोजित होगी। सभी टीमें एक-दूसरे के विरुद्ध मुकाबला करेंगी और लीग चरण के बाद शीर्ष चार टीमें सेमिफाइनल में प्रवेश करेंगी।

किसकी क्या है भूमिका

सलीमा टेटेः कप्तान और मिडफील्डर
नवनीत कौरः उपकप्तान और फॉरवर्ड, मुख्य गोल स्कोरर
सविता पुनियाः गोलकीपर, टीम की सबसे अनुभवी खिलाड़ी
उदिताः डिफेंडर, डिफेंस और ड्रैग-फ्लिक
नेहा गोयलः मिडफील्डर, मिडफील्ड नियंत्रण
लालरेम्सियामीः फॉरवर्ड और आक्रामक विंगर
संगीता कुमारीः फॉरवर्ड, फिनिशर
सुशीला चानूः डिफेंडर, अनुभवी रक्षक

टीम की रणनीति

मजबूत मिडफील्ड (सलीमा और नेहा): टीम की सबसे बड़ी ताकत मिडफील्ड। तेजी से डिफेंस से अटैक में बदलती है।
पेनल्टी कॉर्नर कन्वर्जनः उदिता और दीपिका जैसी खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम को पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करने में मदद।
गोलकीपिंगः सविता पुनिया और बिचु देवी की जोड़ी बड़े मुकाबलों में विरोधी टीम के गोल नाकाम करने में सक्षम।

मप्र में इतनी बड़ी प्रतियोगिता होना न सिर्फ गौरव की बात है, बल्कि नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक भी है। - विश्वास सारंग, खेल मंत्री

Updated on:
19 Nov 2026, 1:26 PM IST
Published on: