रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में सड़कों पर उतरी महिला कांग्रेस कार्यकर्ता
भोपाल. रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में शनिवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता माता मंदिर चौराहे के पास एकत्र हुई। महिलाओं का कहना है कि दिनों दिन सरकार रसोई गैस के दाम बढ़ा रही है। सरकार का अब मूल्यवृद्धि पर नियंत्रण नहीं है। ऐसे में जनता परेशान होती जा रही है।
माता मंदिर चौराहे पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान के निर्देश में रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में जिला महिला कांग्रेस भोपाल की जिलाध्यक्ष संतोष कसाना के नेतृत्व में माता मंदिर चौराहे से प्लेटिनम प्लाजा होते हुए माता मंदिर चौराहे तक पैदल मार्च करते हुए यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन में ये हुए शामिल
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष मांडवी चौहान, जिला कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैलाश मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष पीसी शर्मा, पार्षद गुड्डू चौहान, राकेश सिंघई, महिला कांग्रेस की सैकड़ों प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी एवं कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस दौरान महिलाओं ने गैस की टंकी और हाथ में दख्ती लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ विपक्ष एकजुट होता जा रहा है। जिसको लेकर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरु कर दिया है। देश के साथ साथ प्रदेशभर में सरकार के खिलाफ विपक्ष प्रदर्शन कर रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को राजधानी भोपाल के माता मंदिर और रोशनपुरा चौराहे पर महिला कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बढ़ती महंगाई का विरोध
बात दें कि एक जून से तेल कंपनियों द्वारा सब्सिडी वाले सिलेंडर 2.42 रुपए और बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर के दामों में 49.50 रुपए की बढोत्तरी की गई है, जिसकों लेकर अब विरोध शुरु हो गया है। राजधानी भोपाल में आज रंगमहल चौराहे पर बढ़ती रसोई गैस की कीमतों के खिलाफ महिला कांग्रेस ने सड़कों पर उतर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महिला कांग्रेस यही नही रुकी बल्कि सिलेंडर को सिर पर उठाकर सरकार के खिलाफ नही चाहिए अच्छे दिन, वही पुराने दिन लौटा दो का नारा भी दिया। इसके साथ ही बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग की। वहीं दिल्ली में सब्सिडी वाला सिलेंडर 2.34 रुपए और बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 48 रुपए महंगा हो गया है।वही होटल और रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाला सिलेंडर 77 रुपये महंगा होकर अब 1244.50 रुपए का हो गया है।