
(भुवनेश्वर/बालासोर): नमक सत्याग्रह स्मारक से राष्ट्रीय ध्वज चोरी करने की शर्मनाक घटना प्रकाश में आई है। यह स्थान बालासोर जिले के इंचुडी गांव में है। इस घटना की रिपोर्ट खंटापाड़ा पुलिस थाने में दर्ज करा दी गई है। नमक सत्याग्रह स्मारक समिति के सचिव प्रशांत महंति ने बताया कि वह जब मौके पर पहुंचे, तो राष्ट्रीय ध्वज गायब था। उसके पोल को भी तोड़ डाला गया था। महंति ने बताया कि इसकी सूचना उन्होंने समिति के बाकी सदस्यों को दी। सबकी राय से खंटापाडा थाना में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। इस पहले डेढ़ महीने पहले एक स्वतंत्रता सेनानी लोकनाथ महंति की प्रतिमा भी यहां से लोग चुरा ले गए थे। यह घटना 6 जुलाई की है।
मालूम हो कि बालासोर का इंचुडी गांव का नाम स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में दर्ज है। सन 1930 में गांधी जी के नमक सत्याग्रह से यह स्थान जुड़ा है। गांधी जी ने नमक कानून तोड़ा था तो ओडिशा में गोपबंधु चौधरी, आचार्य हरिहरदास के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली गई। ये लोग स्वराज्य आश्रम कटक से बालासोर इंचुडी के लिए रवाना हुए थे। वहां पर नमक कानून तोड़ा। पुलिस ने उन पर लाठियां भी चलाई थीं।
जो स्थान स्वतंत्रता आंदोलन का साक्ष्य बना हो और जहां आज भी जाते ही स्वतंत्रता संग्राम की गाथाएं फिर से ज्वलंत हो उठती हो वहां पर राष्ट्रीय ध्वज के गायब होने की घटना बहुत ही शर्मनाक है। स्वतंत्रता दिवस को गए अभी तक सात दिन भी नहीं हुए है ऐसे में यह घटना परेशान कर देने वाली है। ऐसे में यह सवाल जहन में उठते है कि कौन है जीसने ऐसी घटना को अंजाम दिया और इसके पीछे की वजह क्या है?