
(भुवनेश्वर): देश के कुछ राज्यों को छोडकर बाकि सभी राज्यों में बादल अपना कहर बरसा रहे है। लगातार बरसाता पानी लोगों के लिए परेशानी पैदा कर रहा है। अभी भी इससे राहत मिलने के आसार कम ही नजर आ रहे है। कुछ ऐसा ही हाल है ओडिशा में जहां पर अब तक हुई बारिश ने जहां लोगों का जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है वहीं आगामी दिनों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। यह बात मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर बताई है कि आने वाले दिनों में राज्य में भारी वर्षा होने वाली है।
19 जिले है हाई अलर्ट पर
मौसम विभाग ने ओडिशा मूसलाधार बारिश की भविष्यवाणी की है। राज्य के 19 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। तूफ़ान और वज्रपात की संभावना भी व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने इसका वैज्ञानिक कारण बताते हुए कहा कि दबाव वाले क्षेत्र में ज्यादा बारिश हो सकती है। चक्रवात के प्रभाव के कारण पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा व बंगाल की खाड़ी का पश्चिमोत्तर क्षेत्र कम दबाव वाला क्षेत्र बन गया है। यहां बारिश शुरू हो गई है।
इन जिलों में बारिश बन सकती है आफत
यूं तो राज्य के लगभग सभी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने व्यक्त की है लेकिन ढेंकनॉल, अनुगुल, देवगढ़, संबलपुर, बलांगीर, झारसुगुड़ा, बरगढ़, क्योंझर जिले में भारी बारिश का अनुमान है। पुरी, गंजम, खोरदा, कटक, बालासोर, मयूरभंज, कालाहांडी, सोनपुर व सुंदरगढ़ में बारिश की संभावना है । इसी बीच किसी भी तरह की हानी न हो इसलिए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। बता दें कि बीते दिनों आई बारिश ने राज्य में मुश्किले पैदा की तो वहीं वज्रपात कई लोगों की जान लील गया । इसलिए मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के बाद सर्तक रहने की आवश्यकता है ।