
(भुवनेश्वर): क्योंझर लोकसभा सीट से बीजू जनता दल के टिकट पर सांसद निर्वाचित चंद्राणी मुर्मू महज 25 साल 11 महीने की हैं। वह 17वीं लोकसभा की सबसे युवा सांसद होंगी। सदन की सदस्यता के लिए न्यूनतम आयु 25 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि यह रिकार्ड शरद यादव के नाम है, वह 25 साल की आयु में जबलपुर से जीतकर सांसद पहुंचे थे।
एक प्राइवेट कालेज से बीटेक के बाद नौकरी तलाश रही चंद्राणी मुर्मू को भी अंदाजा नहीं था कि वह इतनी जल्दी सांसद बन जाएंगी। वह राजनीति से भी बहुत दूर थीं। उन्होंने क्योंझर से दो बार सांसद रहे अनंत नायक को 66 हजार वोटों से हराया। 16वीं लोकसभा में दुष्यंत चौटाला सबसे कम उम्र के लोकसभा सदस्य थे। तब वह 26 साल के थे। मुर्मू 25 की हैं। चुनाव अभियान के दौरान चंद्राणी के चरित्र हनन का कुत्सित प्रयास भी किया गया, जो विफल रहा। सोशल मीडिया में तकनीकी का दुरुपयोग करते हुए उनके फोटो डाले गए, जिसमें 6 लोग गिरफ्तार किए गए, जिनमें दो विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ता थे।
वहीं बेंगलुरु साउथ संसदीय सीट से बीजेपी के टिकट पर जीतकर संसद पहुंचे तेजस्वी सूर्या भी अपनी कम उम्र को लेकर चर्चा में बने हुए है। तेजस्वी ने मात्र 28 साल की उम्र में संसद की सीढ़ियां चढ़ी है।