भुवनेश्वर

माओवादियों के पोस्‍टर के बाद ओडिशा में सुरक्षा व्‍यवस्‍था चाकचौबंद

मलकानगिरि, रायगढ़ा, नवरंगपुर, नुआपाढ़ा, कोरापुट में चप्पे चप्पे पर पुलिस...
2 min read
• •
Updated: 14 Aug 2018, 3:44 PM IST
file photo
file photo

(पत्रिका ब्यूरो,भुवनेश्वर): माओवादियों ने स्वतंत्रता दिवस को काला दिवस के रूप में मनाने का नोटिस चस्पा किया है। लोगों को चेतावनी दी है कि स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भाग न लें। पुलिस ने माओ आतंक प्रभावित जिलों मलकानगिरि, रायगढ़ा, कोरापुट, नुआपाढ़ा, बरगढ़, कालाहांडी में विशेष तौर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए हाई अलर्ट जारी किया गया है।


कांबिंग आपरेशन तेज

उधर पुलिस के अनुसार माओवादियों का गुरिल्ला अंदाज मे हिंसा करने का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस और बीएसएफ का संयुक्त कांबिंग आपरेशन तेज कर दिया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। मलकान गिरि के पुलिस अधीक्षक जगमोहन मीणा का कहना है कि माओ हिंसा की आशंका के मद्देनजर सभी थानों को अलर्ट जारी किया गया है। कोरापुट और रायगढ़ा की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

हस्तलिखित पोस्टर बैनर पाए गए

पुलिस के अनुसार उन क्षेत्रों पर विशेष नजर है जहां पर माओवादियों ने सभाएं की है। खासकर गुरुप्रिया पुल के लोकार्पण के बाद गतिविधियों काफी तेजी आई है। पुलिस इसे भारी चुनौती मानती है। कर्मापुर, कल्याणसिंहपुर, बोदिगता आदि ऐसे क्षेत्र हैं जहां पर माओवादियों की गतिविधियां तेज है। इन्हीं स्थानों पर हाथ से लिखे पोस्टर और बैनर पाए गए हैं। कोरापुट के पुलिस अधीक्षक कंवर विशाल सिंह का कहना है कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर पुलिस की पैनी नजर है। स्थानीय खुफिया सूत्र भी सक्रिय हैं। रायगढ़ा के कल्याणसिंह ब्लाक में स्वतंत्रता दिवस विरोधी माओ पोस्टर पाए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक वाई.जगन्नाथ का कहना है कि काशीपुर और नियमागिरि में माओ गतिविधियों की आशंका है। यहां पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। उनका दावा है कि स्वतंत्रता दिवस बहिष्कार के पोस्टर आदि इन क्षेत्रों में नहीं पाए गए।


हिम्मत थोड़ी पस्त हुई

सूत्रों से पता चला है कि माओवादियों का गुरिल्ला अंदाज में हमले के रिहर्सल का वीडियो वायरल होने के बाद स्वतंत्रता दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। हालांकि चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, एनकाउंटर में सीमावर्ती इलाकों में माओवादियों के मारे जाने की घटनाओं का असर उनकी गतिविधियों पर पड़ा है। ज्यादा सक्रियता की हिम्मत नहीं है फिर भी फोर्स अलर्ट है। स्पेशल आपरेशन ग्रुप के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वीडियो वायरल के बाद सुरक्षा व्यवस्था चुस्त और दुरुस्त की गई है।

Published on: