भुवनेश्वर

हॉकी पर गरमायी ओडिशा की सियासत,अधिसूचना जारी करने को लेकर कांग्रेस और बीजद एकमत

हॉकी के राष्ट्रीय खेल के मुद्दे पर ओडिशा की राजनीतिक में हलचल मच गई...
2 min read
hockey
hockey

महेश शर्मा की रिपोर्ट...

(भुवनेश्वर): हॉकी के राष्ट्रीय खेल के मुद्दे पर ओडिशा की राजनीतिक में हलचल मच गई। कांग्रेस भी सत्ताधारी दल बीजू जनता दल के अध्यक्ष राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के साथ आ गयी है। कांग्रेस का मानना है कि पटनायक की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यह मांग बिल्कुल जायज है कि हॉकी को राष्ट्रीय खेल घोषित करने की अधिसूचना जारी की जाए। हालांकि यह मांग केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्द्धन राठौर ठुकरा चुके हैं। राठौर का कहना है कि हॉकी को लोग राष्ट्रीय खेल के रूप में स्वीकार कर चुके हैं तो फिर इसमें अधिसूचना जारी करने जैसी कोई बात ही नहीं है।


ओडिशा सरकार करवा रही हॉकी वर्ल्ड कप

ओडिशा सरकार नवंबर में हॉकी का वर्ल्ड कप आयोजित करा रही है। इसके लिए सभी जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की जा चुकी है। हॉकी का खेल ओडिशा में सबसे ज्यादा लोकप्रिय है। यह खेल ज्यादातर आदिवासी बहुल जनसंख्या वाले राज्यों में खेला जाता है। मेजर ध्यानचंद भले ही उत्तर प्रदेश के हों पर ओडिशा ने देश को एक से एक धुरंधर हॉकी प्लेयर दिए। बीजद सरकार ने तो हॉकी का सम्मान करते हुए भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप तिर्की को राज्यसभा का सदस्य तक बनाया। तिर्की तो 2014 के चुनाव में सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के जुएल ओरम के मुकाबले बीजद प्रत्य़ाशी थे। वह मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे।


हॉकी को कमतर आंका जा रहा

हॉकी राष्ट्रीय खेल घोषित करने की अधिसूचना जारी करने से केंद्र सरकार के इंकार को लेकर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक तारा प्रसाद वाहिनीपति ने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की बात दोहराते हुए कहा कि हॉकी को राष्ट्रीय खेल घोषित करने के लिए अधिसूचना जारी करना चाहिए। बेहतरीन प्रदर्शन के बाद भी हॉकी देश में वह सम्मान नहीं मिला जो अन्य खेलों को मिलता रहा है। यह तो इस खेल के साथ अन्याय है। केंद्रीय मंत्री राठौर का हॉकी को लेकर बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। केंद्र सरकार राजनीति कर रही है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विधायक प्रफुल्ल माझी का कहना है कि हॉकी नेशनल गेम का टैग मिलना ही चाहिए। केंद्र सरकार इस राजनीति करने के बजाय अधिसूचना जारी करे तो इस खेल के साथ न्याय होगा।

यह बोले पूर्व कप्तान

भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान पद्मश्री दिलीप तिर्की ने कहा कि मुख्यमंत्री नवीन पटनायक न केवल खेलों को पसंद करते हैं बल्कि खिलाड़ियों को भी दिल से पसंद करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र शायद इसलिए हॉकी को नेशनल गेम होने की अधिसूचना जारी करने से पीछे हट रहा है क्योंकि इसकी पहल नवीन पटनायक ने की है।

बीजेपी के मन की बात

भाजपा प्रवक्ता गोलक महापात्रा ने कहा कि हॉकी तो वैसे भी राष्ट्रीय खेल की तरह ही लिया जाता है फिर अधिसूचना की औपचारिकता क्यों। इससे अतिरिक्त लाभ क्या मिलेगा हॉकी को।

Published on:
23 Jun 2018 03:21 pm