
महेश शर्मा की रिपोर्ट...
(भुवनेश्वर): पुरी मंदिर के संचालन में सुधार को लेकर सुप्रीमकोर्ट द्वारा दिए गए सुझावों पर सेवायतों ने नवीन निवास जाकर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से बातचीत की। पटनायक से यह मुलाकात पुरी के सांसद पिनाकी मिश्रा ने कराई। सेवायतों ने कहा कि वह महाप्रभु जगन्नाथ संस्कृति, रीतिनीति की पवित्रता बनाए रखने पर अपनी राय सुप्रीमकोर्ट को देंगे। सेवायतों के इस प्रतिनिधि मंडल में 22 सेवायत मुख्यमंत्री आवास नवीन निवास पहुंचे थे। इस भेंटवार्ता का उद्देश्य सुप्रीमकोर्ट के सुझाव पर चर्चा करना था।
यह सुझाव दिया सुप्रीम कोर्ट ने
सुप्रीमकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए पुरी मंदिर पर कुछ सुझाव देते हुए कहा था कि इन पर विचार मंथन करके यदि संभव हो लागू किया जा सकता है। इन सुझावों में गैर हिंदुओ का मंदिर में प्रवेश को लेकर भी सुझाव था।
बैठक में हुई यह बात
मुख्यमंत्री के साथ हुई इस मीटिंग में सांसद पिनाकी मिश्रा, पुरी से विधायक सरकार में वरिष्ठ मंत्री महेश्वर महंति भी उपस्थित थे। उनका कहना था कि ऐसा लगता है कि सदियों पुराने इस मंदिर की रीतिनीति व संस्कृति के विषय में कोर्ट को सही तरह से अवगत नहीं कराया गया। ऐसे में सुप्रीमकोर्ट द्वारा सुनवाई के लिए तैनात गोपाल सुब्रमण्यम के समक्ष सेवायत अपनी बात बताएंगे। पिनाकी मिश्रा ने बताया कि शासन द्वारा नियुक्त तीन सदस्यीय समिति के समक्ष भी पूरी बात रखी जाएगी। जनहित याचिका पर पांच सितंबर को सुनवाई से पहले समस्त पक्ष अपनी बात रखेंगे, जिन्हे सुप्रीमकोर्ट तक ले जाया जाएगा। रथयात्रा संपन्न होने के बाद गोपाल सुब्रमण्यम पुरी पहुंचेंगे। उन्हें सुप्रीमकोर्ट ने नियुक्त किया है। शासन द्वारा नियुक्त तीन सदस्यीय समिति भी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट में गजपति महाराज दिव्य सिंह देव व अन्य समस्त पक्षों की भी राय शामिल की जाएगी।
सिंहारी नियोग के सेवायत रामचंद्र सिंहारी ने बताया कि गैर हिंदुओं के प्रवेश का विषय बार-बार बहस में लाना उचित नहीं होगा। यह सार्वजनिक बहस का मुद्दा नहीं है। जगन्नाथ संस्कृति, रीतिनीति परंपरा के अनुसार किया जाना चाहिए। यह मुद्दा गोपाल सुब्रमण्यम के सामने उठाया जाएगा। श्रीजगन्नाथ पवित्रता व संस्कृति बनाए रखना होगा।