
(पत्रिका ब्यूरो, भुवनेश्वर): ओडिशा में विधान परिषद के गठन का रास्ता लगभग साफ हो गया है। इसके लिए गठित अध्ययन दल ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को रिपोर्ट सौंप दी है। इसके सदस्यों ने बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र व कर्नाटक का दौरा करने के बाद रिपोर्ट तैयार की। रिपोर्ट पर विधानसभा के मॉनसूत्र सत्र में चर्चा के की जाएगी। वहां से पारित करने के बाद लोकसभा और राज्यसभा में औपचारिक मंजूरी को भेजा जाएगा। राष्ट्रपति के दस्तखत के बाद विधान परिषद के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसका ढांचा तेलंगाना विधान परिषद की तर्ज पर होगा। विपक्ष इसे सत्ता पार्टी बीजू जनता दल के भीतर उत्पन्न असंतोष को दबाने के लिए नवीन पटनायक की रणनीति की दृष्टि से देखता है।
राजनीतिक हल्कों में चर्चा है कि आखिर चुनाव से कुछ माह पहले विधान परिषद के गठन की जरूरत क्यों महसूस हुई? जिला परिषद चुनाव में भाजपा का बढ़ता ग्राफ देखकर चिंतित पटनायक ने असंतुष्टों को संतुष्ट करने तथा प्रमुख प्रभावशाली बौद्धिक वर्ग को विधानपरिषद में समायोजित करने की रणनीति बनाई है। ओडिशा विधानसभा में सदस्यों की संख्या के अनुपात के हिसाब से 49 सदस्य तक विधानपरिषद में आ सकते हैं।
हालांकि इसकी मंजूरी तो मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 2015 में ही दे दी और परिवहन मंत्री नृसिंह चरण साहू की अध्यक्षता में बीजद, भाजपा तथा कांग्रेस के विधायकों की टीम को बिहार और आंध्र प्रदेश का दौरा करके कामकाज समझने को भेजा था। जून माह में गठन के प्रस्ताव पर स्वीकृति की मुहर लगाकर अधिकारिक तौर पर प्रक्रिया शुरू कर दी गई। विधानसभा का चुनाव प्रत्यक्ष तथा विधानपरिषद परोक्ष रूप से किया जाता है।
साहू कहते हैं कि आंध्र और बिहार में द्विसदनात्मक प्रणाली के कामकाज का अध्ययन करने के बाद मुख्यमंत्री पटनायक को रिपोर्ट सौंप दी गई है। विधानसभा के कुल सदस्यों की संख्या का 33 प्रतिशत सदस्य विधान परिषद में कम से कम होने चाहिए। ओडिशा में 147 विस सदस्य हैं। इस प्रकार ओडिशा में विधान परिषद गठित होने की स्थिति 49 सदस्य होंगे। किसी भी विधान परिषद में न्यूनतम सदस्य संख्या 40 होनी चाहिए।
कांग्रेस व बीजेपी ने ली चुटकी
बीजद प्रवक्ता सुलोचना दास के अनुसार विपक्ष के विरोध की परवाह पार्टी नहीं करती। द्विसदनात्मक प्रणाली आंतरिक लोकतंत्र को मजबूती देता है। राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाने वाले तो विरोध के लिए विरोध की राजनीति करते हैं। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता सज्जन शर्मा का कहना है कि 2015 के प्रस्ताव की ऐन चुनावी मौके पर ही सीएम को क्यों याद आई? बीजद में भीतर ही भीतर पनप रहे असंतोष को दबाते हुए उन्हें विप में समायोजित करने का खेल है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष निरंजन पटनायक का कहना है कि चुनाव के कुछ महीने रह गए हैं ऐसे में विधानपरिषद गठन की प्रक्रिया साफ है कि बीजद में असंतोष फूटने वाला है।