
नई दिल्ली। केंद्रीय तेल और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भुवनेश्वर में भारत के एक सॉफ्टवेयर प्रौद्योगिकी पार्क (एसटीपीआई) केंद्र का उद्घाटन किया। यह डेटा सेंटर सरकार और इसके विभागों के ई-गवर्नेंस एप्लिकेशन्स के लिए सुरक्षित होस्टिंग के साथ 24×7 परिचालन की सुविधा का लाभ लोग उठा पाएंगे। इसमें एकीकृत एवं साझा बुनियादी ढांचे का उपयोग किया गया है, जो इतना लचीला है कि यह आसानी से बुनियादी ढांचागत आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यरत हो सकता है और इसके साथ ही यह भावी तकनीकी संवर्धन, वितरित एप्लिकेशन्स के साथ-साथ उन क्लाउड आधारित एप्लिकेशन्स को भी समायोजित कर सकता है, जो मांग पर उपलब्ध होते हैं।
एनआईसी द्वारा स्थापित डेटा केन्द्रों से डेटा सेंटर एवं क्लाउड सेवाएं मुहैया कराई जा रही हैं। भुवनेश्वर स्थित आईसीटी बुनियादी ढांचे को सॉफ्टवेयर आधारित आईसीटी इन्फ्रास्ट्रक्चर के जरिए मॉड्यूलर तरीके से सक्रिया किया जाएगा। इससे क्लाउड पर सेवाएं मुहैया कराने में आसानी होगी और यह एनआईसी की राष्ट्रीय क्लाउड सेवाओं को भी एकीकृत करेगा।