बीजापुर

Bijapur Encounter: मुख्यमंत्री साय ने बीजपुर मुठभेड़ में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि, बोले- लाल आतंक का अंत अब बहुत निकट है…

Bijapur Encounter: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए डीआरजी बीजापुर के प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
2 min read
Dec 04, 2025
CM विष्णु देव साय (photo source- ANI)
CM विष्णु देव साय (photo source- ANI)

Bijapur Encounter: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार को हुई भीषण मुठभेड़ में डीआरजी के तीन जवान वीरगति को प्राप्त हो गए, जबकि दो जवान घायल हो गए। घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

Bijapur Encounter: CM साय ने जताया दुःख

वहीँ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अभियान के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए डीआरजी बीजापुर के प्रधान आरक्षक मोनू वडड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और आरक्षक रमेश सोड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक-संतप्त परिवारों को इस असहनीय पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

लाल आतंक का अंत अब बहुत निकट है: साय

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुठभेड़ में घायल दो अन्य जवान खतरे से बाहर हैं और उनके समुचित उपचार की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। उन्होंने दोनों जवानों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की। साय ने कहा कि हमारे वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सलवाद के विरुद्ध यह निर्णायक सफलता यह स्पष्ट संकेत है कि लाल आतंक का अंत अब बहुत निकट है। उन्होंने पुनः दोहराया कि राज्य सरकार और सुरक्षाबल “माओवाद के पूर्ण खात्मे” के संकल्प पर पूरी मजबूती से अडिग हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जब तक बस्तर के अंतिम गांव तक शांति, सुरक्षा और विकास का प्रकाश नहीं पहुँच जाता, तब तक यह अभियान पूरी दृढ़ता के साथ जारी रहेगा। साय ने इस सफल कार्रवाई में शामिल सभी सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की और कहा कि सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।

जवानों की शहादत को जाया जाने नहीं देंगे: डिप्टी CM साव

वहीं उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बीजापुर में ऑपरेशन के दौरान 16 नक्सली मारे गए हैं। बहादुर जवानों ने ऑपरेशन को अंजाम दिया। हमने तीन जवानों को खोया, नक्सलियों की यह कायराना हरकत है। जवानों की शहादत को जाया जाने नहीं देंगे।

Bijapur Encounter: सुबह शुरू हुई थी मुठभेड़

बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिला बीजापुर–दंतेवाड़ा जिला सीमा क्षेत्र के पश्चिम बस्तर डिवीजन इलाके में आज सुबह 9 बजे से DRG दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर, STF, CoBRA, CRPF की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। अभियान के दौरान पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। दोनों तरफ से रुक-रुक फायरिंग होती रही।

तीन जवान शहीद

उन्होंने बताया कि इस नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में DRG बीजापुर के तीन जवान शहीद हुए हैं। प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे और जवान रमेश सोड़ी शहीद हो गए हैं।

Updated on:
04 Dec 2025 12:39 pm
Published on:
04 Dec 2025 12:39 pm