
ट्रैफिक पुलिस का नायाब तरीका, पहले रोकी गाड़ी, फिर शो-रूम संचालक को किया तलब
बीजापुर. नगर में बिना नंबर प्लेट की दौड़ रही गाडिय़ों पर नकेल कसने के लिए सोमवार को यातायात पुलिस ने नायाब तरीका निकाला। पुलिस ने बिना नंबर की गाडिय़ों को रोका और मौके पर ही पेंटर की मदद से गाड़ी का नंबर लिखवाया। इसके बाद उन्हें यातायात नियमों का पालन करने व हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की समझाइश देकर छोड़ा गया। जिन वाहनों के नंबर प्लेट टेढ़े-मेढ़े अंको में लिखा था, उसे मिटाकर पेंट से नियमानुसार नंबर लिखवाया गया। मालूम हो कि नगर में इन दिनों बिना नंबर प्लेट गाडिय़ों की संख्या कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। वाहनों के जरिये अपराध होने या दुर्घटना होने से वाहन का पता लगाना मुश्किल होता है। इसलिए गाडिय़ों का नंबर स्पष्ट होना आवश्यक है।
पहले भी चलाया जा चुका है अभियान
जिले में पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के मार्ग निर्देशन में यातायात शाखा से सड़क दुर्घटना रोकने व यातायात नियमों के पालन करवाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। यातायात प्रभारी सूबेदार भुनेश्वर कश्यप ने बताया कि वाहनों में नियमानुसार नंबर लिखवाने के लिए पहले भी जागरूकता अभियान चलाया जा चुका है। इसके बाद भी अधिकांश लोग नंबर नहीं लिखवाये थे। इसलिए यह कदम उठाना पड़ा।