CG Assembly Election 2023 : जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अन्तर्राज्यीय सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
बीजापुर। CG Assembly Election 2023 : जिले में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद अन्तर्राज्यीय सीमा पर निगरानी बढ़ा दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त व्यय प्रेक्षक मनेन्दर आईडीएएस, कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा एवं पुलिस अधीक्षक आंजनेय वाष्णैर्य द्वारा 14 अक्टूबर को अन्तर्राज्यीय सीमा तिमेड़ चेकपोस्ट और तारलागुड़ा चेकपोस्ट का औचक निरीक्षण किया गया। वहीं देर रात बांगापाल चेकपोस्ट पहुंच कर स्टेटिक सर्विलांस टीम के कार्यों का जायजा लिया।
सीमावर्ती जांच नाकों पर तैनात एसएसटी (स्टेटिक सर्विलांस टीम) के कार्यों का औचक निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए। व्यय प्रेक्षक मनेन्दर ने तेलंगाना एवं महाराष्ट्र सीमा पर तैनात तारलागुड़ा एवं तिमेड़ चेकपोस्ट पर सतत निगरानी बरतने मार्ग से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन जांचकर वाहनों की विस्तृत जानकारी पंजी में संधारित करने के निर्देश दिए।
ड्यूटी पर तैनात सभी टीम को निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन संपादित करने के लिए पूरी ईमानदारी और लगन से कार्य करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान भोपालपट्टनम के स्वामी आत्मानंद स्कूल में मतदान अधिकारियों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण का भी अवलोकन कर निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु प्रशिक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन करने एवं अपनी सभी प्रकार के शंकाओं का मास्टर ट्रेनर से समाधान अवश्य कराने और पूरी तरह आश्वस्त होने को कहा ताकि निर्वाचन, मतदान कार्यो मे असुविधा न हो।