
बिजनौर। कोरोना को लेकर जहां पूरे देश में लॉकडाउन किया गया है तो वहीं लोगों का एक-दूसरे क्षेत्रों में लोगों का छिपकर आना जाना भी लगा हुआ है। ताजा मामला तीन दिन पहले का है। जहां जनपद की नजीबाबाद तहसील से एक दूध के टैंकर में छिपकर आए लोगों का वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि इस वायरल वीडियो को लेकर प्रशासनिक अधिकारी पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
दरअसल, वायरल हो रहा ये वीडियो थाना नजीबाबाद के कोटद्वार रोड का बताया जा रहा है। जहां एक खाली दूध के टैंकर के अंदर छिपकर 16 लोग देहरादून से नजीबाबाद पहुंचे। वहीं जैसे ही ये लोग टैंकर से निकलने लगे तो नजदीक में खड़े किसी युवक द्वारा इसका वीडियो फोन में कैद कर लिया गया और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया।
वीडियो के वायरल होने के बाद से ही लोग लगातार पुलिस चेकिंग पर भी सवाल उठा रहे हैं। उधर, जब इस वीडियो के बारे में अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने इसकी पुष्टि करने से इंकार कर दिया। जबकि ये वीडियो जनपद का ही बताया जा रहा है।