बिजनोर

अब जेल में कटेगी रातें! बिजनौर पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर अपराधी, लूट के लिए की थी बुजुर्ग महिला की हत्या

Bijnor Murder: यूपी के बिजनौर में बुजुर्ग महिला की हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। लूट के इरादे से की गई इस वारदात में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसके कब्जे से नकदी, मोबाइल, अवैध तमंचा व बाइक बरामद हुई है।
2 min read
Apr 12, 2026
Feature image
बिजनौर पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर अपराधी | AI Generated Image

Bijnor Police Encounter: बिजनौर जिले के शेरकोट क्षेत्र में बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज वारदात के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल फोन, नकदी, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

जंगल में मिला था बुजुर्ग महिला का शव

यह मामला 11 अप्रैल का है, जब शेरकोट-अफजलगढ़ मार्ग के पास हाईवे से करीब 200 मीटर अंदर जंगल में 70 वर्षीय कश्मीरी देवी का शव बरामद हुआ था। वह नई बस्ती कालागढ़, थाना अफजलगढ़ की रहने वाली थीं। शव पर चोट के गंभीर निशान पाए गए थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

सीसीटीवी से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। इसी दौरान नहटौर थाना क्षेत्र के नोंधा निवासी जीशान पुत्र शराफत का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और हत्या की पूरी कहानी बताई।

आरोपी ने कबूला खौफनाक अपराध

पूछताछ में आरोपी जीशान ने बताया कि उसने कश्मीरी देवी को धामपुर के कामिला आइस अस्पताल से लिफ्ट दी थी। रास्ते में वह उन्हें अफजलगढ़ हाईवे पर सगाई वाली पुलिया के पास ले गया, जहां उसने लूट का प्रयास किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने पत्थर से वार कर उनकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।

बरामदगी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़

शनिवार रात पुलिस आरोपी को उसकी निशानदेही पर घटनास्थल और बरामदगी के लिए लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने छिपाए गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया।

हथियार, नकदी और वाहन बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2000 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद किया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के मामले में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Updated on:
12 Apr 2026 11:40 am
Published on:
12 Apr 2026 09:37 am