बिजनोर

बिजनौर पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग: मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे दबोचे, एक के पैर में लगी गोली

Bijnor Police: यूपी के बिजनौर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद लूट और चोरी की वारदातों में शामिल दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।

2 min read
Mar 04, 2026
bijnor police encounter robbery arrest
बिजनौर पुलिस और बदमाशों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग | Image - FB/@BijnorPolice

Bijnor Police Encounter: जनपद बिजनौर के अफजलगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूट और चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से एक आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 19 हजार रुपये, चोरी की एक बाइक, एक तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

घटना उस समय की है जब अफजलगढ़ थाना पुलिस हरपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और वापस मुड़कर भागने की कोशिश करने लगा।

घेराबंदी कर दबोचा आरोपी

भागने की कोशिश में बाइक सवार की गाड़ी फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम निखिल बताया। शुरुआती पूछताछ में ही उसने कई अहम खुलासे कर दिए, जिससे हाल ही में हुई लूट और चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश हुआ।

पेट्रोल पंप कर्मी से 25 हजार की लूट का कबूलनामा

आरोपी निखिल ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी शरद कुमार गौतम, निवासी आलमपुर गावंडी, के साथ मिलकर 28 फरवरी की रात अफजलगढ़ क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप के सेल्समैन से 25 हजार रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था और पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।

स्टोन क्रेशर के पास मोबाइल चोरी की घटना भी कबूली

निखिल ने यह भी स्वीकार किया कि 27 फरवरी की सुबह सुआवाला रोड स्थित एक स्टोन क्रेशर के पास से एक राहगीर का मोबाइल फोन चोरी किया गया था। इन दोनों मामलों में पहले से ही थाना अफजलगढ़ में मुकदमे दर्ज थे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके साथी शरद कुमार गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी के दौरान फायरिंग

पुलिस जब शरद को बरामदगी के लिए ले जा रही थी, तभी उसने आम के बाग में छिपाकर रखे तमंचे को निकाल लिया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें शरद के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।

चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके कब्जे से लूटे गए 19 हजार रुपये, चोरी की गई एक बाइक, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बरामदगी और पूछताछ के आधार पर अन्य आपराधिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

Published on:
04 Mar 2026 08:09 pm