
बिजनौर. देश में बढ़ता आक्रोश और गुस्सा अब घायत रूप लेता जा रहा है। अभी तक किसी समुदाय विशेष या जाति विशेष के लोगों की ही भीड़ द्वारा पीट-पाटकर हत्या करने की खबरें आ रही थी। लेकिन, अब मामूली विवाद पर भी लोग एक दूसरे की पीट-पीटकर हत्या कर रहे हैं। हैरत की बात तो ये है कि जिस सेना के नाम पर देश में गुस्सा और आक्रोश भड़काया जा रहा है। उसी सेना के एक पूर्व जवान की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी है।
मामला बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र का है। यहां के स्थानी निवासी पूर्व फौजी की दबंगों ने मामूली विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या कर दी । दरअसल, पूर्व फौजी के परिवार पर दबंगों ने हमला बोल दिया, जिसमें श्याम सिंह नाम के पूर्व फौजी की मौत हो गई और पूर्व फौजी का लड़का घायल हो गया है । पूर्व फौजी की हत्या का आरोप गांव के ही विजयपाल और उसके पुत्रों पर लगा है।
दरअसल, अफजलगढ़ थाना इलाके के चमरावाला गांव के रहने वाले पूर्व फौजी श्याम सिंह का गांव के ही दबंग विजयपाल से जमीनी विवाद चल रहा था । देर रात विजयपाल ने अपने पुत्रों के साथ मिलकर पूर्व फौजी श्यामसिंह और उसके लड़के अश्वनी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें पूर्व फौजी की मौत हो गई । इस मारपीट में उसका लड़का घायल हो गया है ।
इतना ही नहीं दबंगों ने फौजी के परिवार वालों की भी जमकर पिटाई कर डाली । पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है । उधर, पुलिस ने लाश का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हत्या के बाद परिवार वालो में मातम छा गया है। इस हत्या में मृतक के घर वालो की तहरीर पर पड़ोसी के 4 लोगों के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों के आरोप के अनुसार पुलिस ने आरोपी विजयपाल सिंह सहित 4 लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है । जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।