
बिजनौर। जनपद में कृषि विभाग द्वारा जनपद स्तरीय रबी, तिलहन गोष्ठि व किसान मेले का आयोजन राजकीय कृषि क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर में जिलाधिकारी अटल कुमार राय की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कृषि मेले में हजारों की संख्या में किसानों ने शिरकत की। मेले में किसानों को कृषि के प्रति जागरूक करने के लिए 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे। जिनमें कृषि पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, खादी ग्रामोद्योग, ग्राम पंचायत आदि विभागों के स्टॉलों के साथ ही निजी क्षेत्र के कृषि यंत्र, बीज, व दवा विक्रेताओं के स्टॉल शामिल थे। मेले में पशुपालन विभाग द्वारा भारतीय नस्ल की साहिबान, गिर, कोकरेज, राठी हरियाणा, लाल सिन्धी आदि गायों का प्रदर्शन भी किया गया।
बिजनौर के ग्राम पृथ्वीपुर में लगे कृषि मेले में हजारों की तादात में किसानों ने शिरकत की। कृषि मेले में किसानों को कृषि के प्रति जागरूक व सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सुविधाओं को बताया गया। कृषि मेले में दिल्ली से आए गो विशेषज्ञ सुनील गोदास द्वारा भारतीय नस्ल की गायों के प्रति कहा गया कि यदि कोई गोवंश बेकार भी हो जाता है तब भी उसका गोबर व मूत्र से होने वाले लाभों की कीमत उस पर व्यय होने वाले धन से अधिक होगी। उधर, कृषि मेले में किसानों की विभिन्न समस्याओं को देखते हुए कहा गया कि जिला प्रशासन हरियाणा की तर्ज पर खेतों में अंडर ग्राउंड पाइप बिछाने और खेती की बाढ़ कराने की योजना बनाएं। जिससे किसानों की हो रही फसल हानि को रोका जा सके।
इस मौके पर बिजनौर जिला अधिकारी अटल कुमार राय द्वारा किसानों को कृषि विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं का लाभ उठाने का अनुरोध किया गया। साथ ही आश्वासन दिया गया कि जिला स्तर पर कृषि से संबंधित कृषि समस्याओं व अन्य समस्याओं के लिए किसानों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कृषि विभाग रबी के विभिन्न कार्यों को लक्ष्य के अनुसार पूरा करने के लिए कटिबद्ध रहेगा। जनपद द्वारा सोलर फेन्सिंग की एक कार्ययोजना बनाकर शासन को प्रेषित की गई है। जिस पर शीघ्र ही निर्णय आने की संभावना है।