
बिजनौर. दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में शामिल हुए 200 विदेशी धर्म प्रचारक व अलग-अलग शहरों में मिले जमात के सैकड़ों लोगों को जहां आइसोलेट किया गया है तो वहीं इस जमात में शामिल काफी जमाती कोरोना जैसी महामारी से संक्रमित पाए गए हैं। इन जमातियों ने देश के कई शहरों के अलग-अलग क्षेत्रों में धर्म संबंधी प्रचार-प्रसार किया था। इसी प्रचार-प्रसार के दौरान बिजनौर के नांगल क्षेत्र के गांव सबलपुर व जमालपुर में बुधवार को निजामुद्दीन मरकज में शामिल चार जमाती मिले हैं। यह सभी जमाती नजीबाबाद में भी एक जमात के कार्यक्रम में 40 दिन के लिए गए थे।
गांव के प्रधान पति साबुद्दीन ने बताया कि 2 गांव के कुल 4 जमाती नजीबाबाद में हुई 40 लोगों की जमात के कार्यक्रम में यहां से गए थे। इस कार्यक्रम के लोग दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में हुई जमात में भी शामिल हुए थे।उनके बारे में पता चलने पर उन्होंने इसकी सूचना संबंधित थाने को दी थी। बुधवार को संबंधित थाने के पुलिसकर्मी व स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर इन चारों के सैंपल लिए हैं। वहीं इन लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में आइसोलेट कर दिया गया है।
प्रधान पति ने बताया कि अभी इन लोगों में किसी भी तरीके के कोरोना वायरस संबंधित लक्षण नहीं दिख रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इन सभी चारों जमातियों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने दोनों गांवों को सैनिटाइज करने का काम शुरू कर दिया है।