
बिजनौर. हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव खासपुरा में विधानसभा उपचुनाव में विजयी प्रत्याशी की जीत का जश्न मनाने को लेकर उनके समर्थकों व विरोधी गुट के बीच जमकर पथराव हुआ। इस विवाद में पराजित प्रत्याशी के समर्थकों ने गुरुद्वारे में पत्थरबाजी की और कई वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे फिलहाल मामले को शांत कर दिया है। लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के लोग हथियार लेकर घूमते नजर आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने मौके पर पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया है, ताकि आगे कोई अनहोनी न हो।
उल्लेखनीय है कि नूरपुर विधानसभा के उपचुनाव में सपा प्रत्याशी नईमुल हसन की जीत हुई है। जबकि भाजपा प्रत्याशी अवनी सिंह चुनाव हार गईं हैं। विजयी प्रत्याशी नईमुल हसन के गांव खासपुरा के सिख समुदाय के समर्थकों ने कल उनका स्वागत किया। इसके बाद नईमुल हसन चले गए। ग्रामीणों के अनुसार अवनी सिंह के समर्थक जाट समुदाय के लोगों ने नईमुल हसन स्वागत करने पर अपनी नाराजगी जाहिर की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव और फायरिंग हुई।
आरोप है कि कुछ लोगों ने गांव के अंदर स्थित गुरुद्वारे में पत्थर फेंके और गुरुद्वारे के पालकी वाहन, मारुति वैन, स्कूटी व बाइक क्षतिग्रस्त कर दिए। दोनों पक्षों में विवाद होने की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति पर काबू पाया।
एसपी सिटी दिनेश सिंह ने बताया कि मौके पर दोनों पक्षों से बात की गई है। उन्होंने दोनों पक्षों से गांव में शांति कायम रखने की अपील की है। विवाद के बाद काफी देर तक दोनों पक्षों के लोग अपने हाथों में हथियार लेकर घूमते रहे। सिख समुदाय ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।