
बीकानेर . मुस्लिम लड़की को हिन्दू बताकर शादी कराने और बाद में दुल्हन के साथ फरार होने के आरोपित को जयनारायण व्यास कॉलोनी थााना पुलिस ने 12 साल बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को न्यायालय पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीआई हरजिन्द्र सिंह ने बताया कि जोधपुर जिले के देणोक गांव निवासी आरोपित नेतराम को गिरफ्तार किया गया है। आरोपित 12 साल से फरार था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए एएसआई ओमप्रकाश सींगड़ एवं कांस्टेबल मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को उसे लालमदेसर गांव से गिरफ्तार किया गया। एएसआई सींगड़ ने बताया कि आरोपित के लालमदेसर गांव निवासी मामा का निधन हो गया था। वह उनके बारहवें में आया था। मुखबिर की सूचना के बाद उसे दबोच लिया गया।
यह है मामला
वर्ष 2006 में नागौर जिले के मेड़ता सिटी निवासी भाकरराम ने जेएनवीसी थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि देणोक निवासी नेतराम, सीकर निवासी बजरंग व रामपुरा बस्ती निवासी रामजी गौड़ ने रूबी नाम की मुस्लिम लड़की को हिन्दू बताकर पिंकी नाम से शादी करवा दी। इसके कुछ दिनों बाद पिंकी को फरार कर दिया। पीडि़त को धोखाधड़ी का पता चलने पर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
ट्रेन की चपेट में आने से गैंगमैन की मौत
बीकानेर. बीछवाल थाना क्षेत्र के कानासर गांव में रेल पटरियों के पास शुक्रवार को गैंगमैन बीरबल राम का शव पड़ा मिला। बीछवाल पुलिस ने बताया कि बीरबल ट्रेन की चपेट में कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि गैंगमैन बिहार निवासी है। उसके परिजनों को इस संबंध में सूचित किया गया है।
बंदी के शव का अंतिम संस्कार
बीकानेर. केन्द्रीय कारागृह के बंदी का शुक्रवार को नगर निगम ने पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवा दिया गया। पुलिस के अनुसार बंदी किशोर सिंह (७६) पुत्र हीरा सिंह फौजदारी मामले में केन्द्रीय कारागार में बंद था। उसे १६ जनवरी को यहां पीबीएम अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया था, जहां उसकी तबीयत में सुधार के बाद उसे पुन: केन्द्रीय जेल भेज दिया गया।
जहां फिर उसकी तबीयत खराब हो गई, जिसे अस्पताल लाने पर उसे चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मृतक के परिजनों को सूचित करने के बावजूद वे मौके पर नहीं पहुंचे, एेसे में उसके शव को नगर निगम के कार्मिकों अंतिम संस्कार कर दिया।