
बीकानेर . राज्य सरकार की आदर्श विद्यालय योजना पूरे राज्य में शत-प्रतिशत फलीभूत नहीं हुई है। योजना की प्राथमिकता में अभी तक 9 हजार स्कूल ही नहीं आए हैं। बाकी ग्रामीण स्कूलों की दशा तो और खराब है। राज्य सरकार की ओर से घोषित 9,895 आदर्श विद्यालयों में से आधों में भी खेल मैदान विकसित नहीं हुए हैं और करीब आधे स्कूलों में ही इन्टरनेट व चारदीवारी हो सकी है। सरकार की ओर प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक उच्च माध्यमिक एवं माध्यमिक विद्यालय को आदर्श बनाने की योजना की तर्ज पर अब चालू शैक्षणिक सत्र में शहरी क्षेत्र के 281 विद्यालयों को आदर्श विद्यालय बनाया जाएगा।
राज्य सरकार ने ग्राम पंचायतों में प्रथम चरण में मार्च-2016 तक 1340 उच्च माध्यमिक एवं माध्यमिक विद्यालय को आदर्श विद्यालय के रूप में विकसित करने का लक्ष्य रखा था। द्वितीय चरण में मार्च-2017 तक 3 हजार 98 उच्च माध्यमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों को आदर्श के रूप में विकसित किया गया है। इसी तरह मार्च-2018 तक 5,458 विद्यालयों को आदर्श बनाया जा रहा है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 9 हजार 895 आदर्श विद्यालय बन सकेंगे।
एेसे होंगे आदर्श विद्यालय
राज्य में घोषित आदर्श विद्यालयों में विद्युतीकरण, इंटरनेट कनेक्शन, चारदीवार, पेयजल की माकूल व्यवस्था तथा खेल का मैदान प्राथमिकता से बनाया जाएगा। घोषित कुल 9,895 आदर्श विद्यालयों में से 98.75 प्रतिशत में विद्युतीकरण कर दिया गया है। 57.21 प्रतिशत में इन्टरनेट कनेक्शन तथा 53.96 प्रतिशत में चारदीवारी कर दी गई है। 88.15 प्रतिशत में पेयजल सुविधा तथा 42.48 प्रतिशत में खेल के मैदान विकसित किए गए हैं।
विद्यालय में विद्युत कनेक्शन की मांग
दियातरा. सेवड़ा पंचायत के नेतावतों की ढाणी पूर्व के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बिजली कनेक्शन नहीं होने से ग्रामीणों ने विभाग के प्रति रोष जताया है। इस विद्यालय सहित जालूजी की ढाणी को सीमांत क्षेत्र विकास योजना के तहत विद्युतीकरण होने के लिए बजट भी जारी किया गया था लेकिन अब तक बिजली कनेक्शन नहीं हो पाया हैं।
ग्रामीण शैतानसिंह ने बताया कि विभाग ने जालूजी की ढाणी को तो बिजली से जोड़ दिया जबकि नेतावतों की ढाणी पूव को अब तक नहीं जोड़ा है। उपसरपंच रामकंवर भील, माणकसिंह, दुर्गसिंह आदि ग्रामीणों ने विभाग से जल्द कनेक्शन देने की मांग की हैं।