17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पाकिस्तानी ड्रोन से तीसरी बार गिराए RDX से उड़ाया था रेलवे ट्रैक, महकदीप का प्रेमी निकला कोई और; जांच में हुए चौंकाने वाले खुलासे

श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को हुए विस्फोट के मामले में पाकिस्तानी स्लीपर सेल और पंजाब के खालिस्तानी संगठन के साथ राजस्थान पुलिस का तंत्र भी जांच के घेरे में है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बीकानेर

•

image

Anil Prajapat

•

image

देवेन्द्र शास्त्री

•

Updated: 17 Nov 2026, 10:31 AM IST

Mahakdeep Kaur

पुलिस की गिरफ्त में महकदीप कौर। पत्रिका फाइल फोटो

देवेन्द्र शास्त्री

बीकानेर। श्रीगंगानगर के रामसिंहपुर रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को हुए विस्फोट के मामले में पाकिस्तानी स्लीपर सेल और पंजाब के खालिस्तानी संगठन के साथ राजस्थान पुलिस का तंत्र भी जांच के घेरे में है। अधिकारी भले ही 12 अक्टूबर को इसी क्षेत्र में मिले आरडीएक्स व हथियार के मामले को अलग बता रहे हो, लेकिन जांच में दोनों मामलों की कड़ियां जुड़ती जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, 12 अक्टूबर को श्रीगंगानगर में हथियार व आरडीएक्स गिराने वाला ड्रोन पुलिस को पंजाब में मिल गया है। पंजाब पुलिस ने ड्रोन का डेटा केंद्रीय सुरक्षा एजेसियों से साझा कर लिया है। सूत्रों के अनुसार, तकनीकी जांच में सामने आया है कि इस ड्रोन ने श्रीगंगानगर क्षेत्र में 12 अक्टूबर की रात तीन बार ड्रॉपिंग की थी।

एक बार हथियार और दूसरी बार वह आरडीएक्स लेकर आया था, जिसकी बरामदगी दिखाई गई। सुरक्षा एजेंसियों के उच्च सूत्रों के अनुसार, ड्रोन तीसरी बार भी आरडीएक्स लेकर आया था, जिसे महज दो किमी हवाई क्षेत्र में गिराया गया था, जिसका इस्तेमाल 3 नंवबर को ट्रैक विस्फोट में किया गया। ड्रोन ड्रॉपिंग में रघु, बज्जू और लखविन्द्र का नाम सामने आया था, लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पाई।

आरोपियों की कहानी में मिला विरोधाभास

गिरफ्तार महकदीप कौर व दविन्दर सिंह ने बताया था कि विस्फोट के बाद दोनों साथ गए थे, लेकिन जांच में सामने आया कि दोनों पंजाब में अलग-अलग जगह पहुंचे थे। दूसरा महकदीप कौर का प्रेमी दविन्दर उर्फ देवेन्द्र ना होकर लखविन्द्र है। इस मामले में पुलिस को लखविन्द्र, उसके फुफेर भाई चीया, नवप्रीत, मलकीत और कुलवीन्द्र की तलाश है। जांच में सामने आया कि मलकीत के मोबाइल में पटरियों का नक्शा और लोकेशन भेजी गई थी।

पुलिस के सिपाही का पाक कनेक्शन

ड्रोन ड्रॉपिंग के मामले में पुलिस के एक सिपाही पर पाकिस्तान कनेक्शन का आरोप है। इस मामले की जांच पुलिस मुख्यालय की ओर से की जा रही है। वहीं एक और नाम आरोपी लखविन्द्र की एंट्री हुई है। होटल के सीसीटीवी फुटेज में लखविन्द्र विस्फोट की रात महकदीप के साथ होटल में देखा गया। पुलिस को इसका फुटेज मिल गया है।

यह शाह पुलिस के लिए नया

दिल्ली व अन्य स्थानों में आरडीएक्स व हथियार तस्करी में पुलिस के रिकॉर्ड में शाह का नाम पहले से है। पुलिस के पास उसकी फोटो और मोबाइल नंबर भी है, लेकिन महकदीप कौर के मोबाइल में जिस शाह का फोटो व नंबर मिला है। उसकी लोकेशन तो पाकिस्तान में है, लेकिन यह नया आतंकी सामने आया है।

ड्रोन से गिराया और विस्फोट में काम आया आरडीएक्स समान

पुलिस के वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विस्फोट के मामले में गिरफ्तार दोनों अपराधियों से पूछताछ में विरोधाभास सामने आया है। अब वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की जा रही है। 12 अक्टूबर को बरामद और विस्फोट में उपयोग लिए गए आरडीएक्स की प्रकृति समान है। एक अपराधी की दोनों जगह मौजूदगी भी सामने आई है। आरडीएक्स और हथियार लाने वाला ड्रोन पंजाब में मिल गया है।