17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Sarpanch Election Result: राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर, विधायक की भाभी को हराकर रिंकू कंवर बनी सरपंच

राजस्थान में गांवों की सरकार के गठन के लिए हुए पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में सीकर जिले की रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति की रोहल ग्राम पंचायत में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सीकर

•

image

Anil Prajapat

•

Updated: 17 Nov 2026, 9:26 AM IST

Rohal Gram Panchayat Election

सरपंच रिंकू कंवर व सहीदन बानो। फोटो: पत्रिका

सीकर। राजस्थान में गांवों की सरकार के गठन के लिए हुए पंचायत चुनाव के अंतिम चरण में सीकर जिले की रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति की रोहल ग्राम पंचायत में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला। यहां फतेहपुर के पूर्व विधायक भंवरू खां की पत्नी और वर्तमान कांग्रेस विधायक हाकम अली खान की भाभी सहीदन बानो को सरपंच पद के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। कड़े मुकाबले में रिंकू कंवर ने उन्हें 113 वोटों से शिकस्त देकर जीत दर्ज की। इस परिणाम को क्षेत्र में विधायक परिवार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

रोहल ग्राम पंचायत में चुनाव को लेकर शुरुआत से ही मुकाबला रोचक बना हुआ था। दोनों प्रत्याशियों के बीच शुरूआत में कड़ी टक्कर देखने को मिली। मतगणना पूरी होने के बाद रिंकू कंवर ने 113 मतों के अंतर से जीत हासिल की। वहीं, कांग्रेस विधायक हाकम अली खान की भाभी सहीदन बानो तीसरे नंबर पर रही। सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद गांव में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। वहीं, रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में मतगणना के परिणाम देर रात तक जारी होते रहे। कुछ पंचायतों में आधी रात तक नतीजे घोषित हो गए, जबकि ठेड़ी ग्राम पंचायत में देर रात तक मतगणना चलती रही।

रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति: कहां से कौन बना सरपंच?

रामगढ़ शेखावाटी पंचायत समिति की नेठवा ग्राम पंचायत में कैलाश भामी 68 वोटों से, पालास में अशोक कुमार 160, बागास में कंचन बाला 108 और ढांढण में अविनाश भंवरिया 136 वोटों से विजयी रहे। रोहल में रिंकू कंवर ने 113 वोटों से जीत दर्ज की। साहबसर में तब्बसूम बानो ने 738, शेखीसर में ओम कंवर ने 154, नारी में नेमीचंद मोयल ने 787 और देवास में फरियाद अली ने 315 वोटों से जीत हासिल की।

इसी तरह हेतमसर में आसमां खानम 98, दाइन्दा में कमला देवी 59, खोटिया में कमलेश कंवर 5, कायमसर में फरजाना बानो 37 और गोड़िया बड़ा में किशनलाल 293 वोटों से विजयी हुए। ताजसर में प्यारे लाल ने 272, तिहावली में अशोक कुमार ने 589, तिहाय में दयाराम ने 449, ठिमोली में पूजा शर्मा ने 896, सहनुसर में कमलेश कंवर ने 848 और गुदड़वास में संतरा कुमारी ने 1073 वोटों से जीत दर्ज की। ताखलसर में हरलाल 38 और रूकनसर में चन्द्रप्रकाश 117 वोटों से विजयी रहे। रामसीसर ग्राम पंचायत में सरपंच निर्विरोध चुना गया।