12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

रसोई का बजट बिगड़ना तय! राजस्थान की मंडियों में ग्वार-मूंग के भाव में उछाल, ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आई तेजी की असली वजह

राजस्थान के सीकर में खरीफ फसलों का उत्पादन घटने से मंडियों में बाजरा, मूंग और मोठ के भाव बढ़ गए हैं। मूंग 8500 रुपए क्विंटल तक पहुंच गई है। इसका असर अब आम आदमी की रसोई के बजट पर पड़ रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सीकर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 12 Nov 2026, 5:23 PM IST

guar and moong prices surge in rajasthan

राजस्थान की मंडियों में ग्वार-मूंग के भाव में उछाल (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

सीकर: खरीफ सीजन में मौसम का साथ नहीं देने से फसलों का उत्पादन घटा तो मंडियों में भाव चढ़ने लगे हैं। फसलों के भावों में आई इस तेजी का असर अब केवल किसानों और व्यापारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि आम आदमी की रसोई का बजट भी प्रभावित हो रहा है। तेल, आटा और दाल जैसी रोजमर्रा की खाद्य सामग्री महंगी होने से इस सीजन में रसोई का बजट करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

इसका नतीजा है कि त्योहारी सीजन में लोगों को दालों और खाद्यान्न की खरीद पर ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। मंडी में भाव बढ़ने के बावजूद किसानों की स्थिति पूरी तरह बेहतर नहीं हुई है। कम उत्पादन के साथ फसल की गुणवत्ता बिगड़ने से कई किसानों को अपनी उपज कम भावों पर बेचनी पड़ रही है। जिन किसानों के पास अच्छी गुणवत्ता का माल है, उन्हें तेजी का फायदा मिल रहा है, जबकि कमजोर उपज वाले किसान बढ़ते बाजार भावों का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। सीकर मंडी में एक पखवाड़े में ही बाजरा, मूंग और मोठ जैसी प्रमुख फसलों की कम पैदावार का असर बाजार पर दिखाई देने लगा है। मंडी में मूंग 8500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है। बाजरा 2200 से 2500 और मोठ 6025 से 7500 रुपए प्रति क्विंटल बिक रहा है।

तेजी के बीच किसानों पर दोहरी मार

उत्पादन कम होने से किसानों के पास बेचने के लिए उपज पहले ही कम है। दूसरी ओर, मौसम की मार से दाने की गुणवत्ता प्रभावित होने पर उन्हें कम भावों में बिक्री करनी पड़ रही है। भंडारण की सीमित सुविधा और कर्ज की जरूरत के चलते किसान उपज रोकने की स्थिति में भी नहीं हैं।

इधर, मंडी में खरीफ की फसल की आवक के साथ गुणवत्ता भी भाव तय करने का प्रमुख आधार बन रही है। साफ, चमकदार और अच्छी गुणवत्ता वाले दाने को बेहतर कीमत मिल रही है। वहीं, कमजोर दाने और गुणवत्ता में कमी वाले माल के भाव कम लगाए जा रहे हैं। कम उत्पादन के कारण बाजार में तेजी आई है, लेकिन गुणवत्ता प्रभावित होने से किसानों को इस तेजी का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।

आम आदमी की जेब पर महंगाई का असर

खरीफ फसलों के भाव बढ़ने का असर खाद्यान्न बाजार पर पड़ रहा है। मूंग और मोठ जैसी दालों की कीमतें बढ़ने से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। पहले से ही खाद्य पदार्थों की कीमतों के दबाव से जूझ रहे परिवारों के लिए दाल और अनाज की खरीद महंगी पड़ सकती है। कम उत्पादन का असर बाजार में लंबे समय तक बना रहा तो आम उपभोक्ता को और महंगाई का सामना करना पड़ सकता है।

इस तरह हो रहा आम आदमी पर असर

अनाज और मसालों के कारोबारियों के अनुसार, इस बार कम पैदावार से किसानों की उपज घटी है और बाजार में उपलब्धता भी कम हुई है। इसका सीधा असर भावों पर पड़ा है। एक तरफ किसान उत्पादन घटने और गुणवत्ता बिगड़ने से परेशान हैं तो दूसरी तरफ आम लोगों को महंगे खाद्यान्न का सामना करना पड़ रहा है। इस तरह मौसम की मार का असर खेत से निकलकर अब आम आदमी की थाली तक पहुंच गया है।

खरीफ फसलों के मौजूदा मंडी भाव

फसलभाव (रुपए प्रति क्विंटल)
बाजरा2200-2500
मोठ6025-7500
मूंग7000-8500
ग्वार7000-7800
मूंगफली8500-10000

भावों में तेजी आई है

खरीफ सीजन में कम उत्पादन होने से भावों में अप्रत्याशित तेजी आई है। इसका सीधा असर रोजमर्रा की जरूरत वाली सामग्री पर पड़ रहा है। वहीं, बाजार में अच्छी गुणवत्ता वाली फसलों की कमी के कारण भी भावों पर असर पड़ा है। त्योहारी सीजन में इसका और भी विपरीत प्रभाव देखने को मिल रहा है।
-सुभाष बूबना, थोक व्यापारी, सीकर मंडी