
बीकानेर: शहर के एक निजी अस्पताल में बुधवार रात मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक डॉ. तनवीर मालावत के साथ मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह डॉक्टर को बचाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में मरीजों के परिजन और अन्य लोग जुट गए।
बता दें कि बीकानेर में हंसेरा निवासी रुकसाना बानो पत्नी इकबाल उस्ता को परिजन दो दिन पहले पित्त की थैली में पथरी की शिकायत के चलते शहर के एक निजी अस्पताल लेकर आए थे। मृतका के भांजे मोनू उस्ता के अनुसार, रुकसाना अस्पताल में चलकर आई थी। चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर पथरी निकाल दी। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार से ही चिकित्सक मरीज की हालत गंभीर बता रहे थे, लेकिन उसे किसी बड़े अस्पताल में रेफर नहीं किया गया। बुधवार रात उसकी मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन (एपेक्स हॉस्पिटल) से उसकी फाइल मांगी, लेकिन आरोप है कि फाइल उपलब्ध नहीं कराई गई। परिजनों को कभी फाइल इधर-उधर होने की बात कही गई तो कभी कोई अन्य कारण बताया गया। इससे परिजनों का गुस्सा और बढ़ गया। परिजनों ने आशंका जताई कि मरीज की फाइल में बाद में बदलाव किया जा सकता है।
मौत की सूचना के बाद बड़ी संख्या में परिजन और परिचित अस्पताल पहुंच गए। करीब 100 से 150 लोगों के जुटने से अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। इसी दौरान डॉ. तनवीर मालावत के साथ मारपीट की गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर डॉक्टर को बचाया।
परिजनों के अनुसार, रुकसाना की पांच छोटी बच्चियां हैं। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि, मरीज की मौत की वास्तविक वजह और उपचार में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।