19 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Rajasthan / Bikaner / श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: पाकिस्तानी आतंकी शाह का एक और हैंडलर गिरफ्तार, रैकी करने वाले भी बेनकाब

श्रीगंगानगर रेलवे ट्रैक ब्लास्ट: पाकिस्तानी आतंकी शाह का एक और हैंडलर गिरफ्तार, रैकी करने वाले भी बेनकाब

श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट के मामले में पाकिस्तानी आतंकवादी शाह का एक और हैंडलर पुलिस के हत्थे चढ़ा गया है। पंजाब पुलिस ने उसे गुरुदासपुर से ही गिरफ्तार किया है। उसके पास दो पिस्तौल मिली है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बीकानेर

•

image

Arvind Rao

•

Updated: 19 Nov 2026, 8:32 AM IST

sriganganagar railway track blast

गुरुमुख सिंह (पत्रिका फोटो)

Sri Ganganagar Railway Track Blast: बीकानेर: श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पाकिस्तानी आतंकी शाह के नेटवर्क से जुड़े एक अन्य हैंडलर को पंजाब पुलिस ने गुरुदासपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरुमुख सिंह पुत्र जागीरलाल के रूप में हुई है। वह गुरुदासपुर जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसके कब्जे से दो पिस्तौल भी बरामद की हैं। मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट से पहले इलाके की रैकी करने वाले दो अन्य लोगों की भी पहचान कर ली है। अब उनकी गिरफ्तारी के लिए श्रीगंगानगर और पंजाब पुलिस संयुक्त रूप से प्रयास कर रही हैं। जांच एजेंसियां आरोपियों के आपसी संपर्क और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

पहले गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में था गुरुमुख सिंह

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार गुरुमुख सिंह रेलवे ट्रैक विस्फोट मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके देवेंद्र सिंह और महाकदीप कौर के संपर्क में था। बताया जा रहा है कि वह पंजाब के एक होटल में भी इन दोनों के साथ देखा गया था। इसी आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। लगातार प्रयासों के बाद पंजाब पुलिस ने उसे गुरुदासपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो पिस्तौल मिलने के बाद जांच एजेंसियां हथियारों के स्रोत और उनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर सकती हैं।

रैकी करने वालों तक पहुंची पुलिस, गिरफ्तारी के प्रयास तेज

रेलवे ट्रैक पर विस्फोट से पहले रैकी करने वाले दो लोगों की पहचान होना जांच में अहम माना जा रहा है। पुलिस अब इन दोनों तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। श्रीगंगानगर और पंजाब पुलिस के संयुक्त प्रयासों से आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि रेलवे ट्रैक की रैकी करने वाले लोगों और पहले गिरफ्तार आरोपियों के बीच क्या संबंध था। पुलिस उनके संपर्कों और गतिविधियों की कड़ियां जोड़कर यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट की साजिश में किसकी क्या भूमिका रही।

3 नवंबर की रात हुआ था रेलवे ट्रैक पर धमाका

गौरतलब है कि श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में 3 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ था। यह ट्रैक अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलमार्ग पर 50 जीबी गांव के पास स्थित है। विस्फोट से रेलवे ट्रैक के दो सीमेंटेड स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और मौके पर करीब ढाई फीट गहरा गड्ढा बन गया था। घटना के समय इस रेलमार्ग से यात्री ट्रेन गुजर चुकी थी।

दो बार पहले भी नाकाम कोशिश कर चुके थे आरोपी

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया था कि आरोपियों ने रेलवे ट्रैक को उड़ाने की पहले भी कोशिश की थी। जांच के अनुसार, 6 अक्टूबर को विस्फोट करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन विस्फोटक उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे अंजाम नहीं दिया जा सका। इसके बाद 12-13 अक्टूबर को रेलवे ट्रैक पर टाइमर बम लगाया गया, लेकिन तकनीकी खराबी के चलते उसमें विस्फोट नहीं हुआ। आखिरकार 3 नवंबर को तीसरी कोशिश में विस्फोट किया गया।

पाकिस्तानी हैंडलर शाह के नेटवर्क की जांच जारी

इस पूरे मामले में पुलिस पाकिस्तानी हैंडलर शाह की भूमिका और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया था कि गिरफ्तार आरोपियों का पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से संपर्क था और उन्हें विस्फोट के लिए निर्देश दिए जा रहे थे। अब गुरुमुख सिंह की गिरफ्तारी और रैकी करने वाले दो अन्य संदिग्धों की पहचान के बाद जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश में कितने लोग शामिल थे और पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से स्थानीय स्तर पर कौन-कौन संपर्क में था।