bikaner news - After Mahajan, now approval of sub tehsil in Deshnok
ग्रामीणों को अब बीकानेर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे
बीकानेर.
राज्य सरकार ने देशनोक में नई उप तहसील बनाने की सोमवार को घोषणा की। इससे पूर्व महाजन में उप तहसील घोषित है। देशनोक में उप तहसील बनने के बाद तहसील संबंधी कार्यों के लिए अब देशनोक व इसके आस-पास गांवों के लोगों को बीकानेर नहीं आना पड़ेगा, उनके कार्य देशनोक में ही हो सकेंगे। नवीन उप तहसील देशनोक में 2 भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्त, 9 पटवार मण्डल एवं 22 राजस्व ग्राम शामिल होंगे।
यह होगा फायदा
देशनोक में नई उप तहसील बनने के बाद ग्रामीणों को किसान के्रडिट कार्ड, भूमि नामांतरण, बंटवारा, बेनामा से संबंधित, तरमीम तथा सीमाज्ञान सहित विभिन्न राजस्व से जुड़े कार्य उप तहसील में हो सकेंगे। वर्तमान में देशनोक व इसके आस-पास के ग्रामीणों को अपने राजस्व संबंधी कार्यों के लिए बीकानेर तहसील आना पड़ता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने वर्ष 2021-22 के बजट सत्र में विभिन्न तहसीलों एवं उप तहसीलों के सृजन की घोषणाएं की थी। उप तहसील बनने के बाद नायब तहसीलदार, कनिष्ट व वरिष्ठ लिपिक सहित चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों की नियुक्ति भी होगी।