17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Bikaner News: ट्रेन के AC कोच से 1 करोड़ की ज्वैलरी और 8 लाख कैश चोरी, घर पहुंचने पर मां-बेटी को चला पता

मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही मां-बेटी के बैग से करीब एक करोड़ रुपए की ज्वैलरी और आठ लाख रुपए नकदी चोरी हो गई। चोरी का पता नोखा घर पहुंचने पर चला।
2 min read
Google source verification
Madurai-Bikaner Express train

मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस ट्रेन। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। मदुरई-बीकानेर एक्सप्रेस के एसी कोच में सफर कर रही मां-बेटी के बैग से करीब एक करोड़ रुपए की ज्वैलरी और आठ लाख रुपए नकदी चोरी हो गई। चोरी का पता नोखा घर पहुंचने पर चला। पीड़ित की रिपोर्ट पर बीकानेर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। घटना 12 सितम्बर की बताई गई है।

पुलिस के अनुसार देसलसर निवासी विक्रम राजपुरोहित ने रिपोर्ट दी है। उनका परिवार महाराष्ट्र के वरूड़ (अमरावती) में मिठाई का कारोबार करता है। उनकी मां मांगीदेवी और बहन डिंपल राजपुरोहित 11 सितम्बर को नागपुर से बीकानेर जिले नोखा आने के लिए ट्रेन में सवार हुई थीं। दोनों की सीट एसी कोच बी-1 में 25 और 28 नंबर पर थी। उनके पास दो ट्रॉली बैग सहित तीन-चार अन्य बैग थे, जिन्हें सीट के नीचे रखा गया था।

घर पहुंचने पर खुला बैग

12 सितम्बर को ट्रेन नोखा पहुंची। परिजन स्टेशन से सामान लेकर गांव पहुंचे। घर पर मांगीदेवी ने ट्रॉली बैग खोला तो उसमें रखे करीब 70 तोला सोने और आधा किलो चांदी के आभूषण तथा आठ लाख रुपए नकद गायब मिले। इसके बाद जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

70 तोला सोना और आधा किलो चांदी गायब

परिजनों के अनुसार बैग से करीब 70 तोला सोने के आभूषण, करीब आधा किलो चांदी के आभूषण और आठ लाख रुपए नकद गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब एक करोड़ रुपए बताई जा रही है। सामान गायब मिलने के बाद परिवार ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद विक्रम राजपुरोहित ने बीकानेर जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच में जुटी पुलिस

मामला सामने आने के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि चोरी किसी स्टेशन पर हुई या फिर चलती ट्रेन में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। जीआरपी ट्रेन रूट के संबंधित स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।