बीकानेर

नेताओं ने बिचौलिए बन कूटी चांदी अब आयकर विभाग की नजर

बेनामी संपत्ति एक्ट का मामला : गरीबों व दलितों के रहनुमाओं की खुली पोल
2 min read
• •
Updated: 30 Nov 2017, 10:08 AM IST
investigation

गरीब व दलितों के रहनुमाओं पर आयकर विभाग की नजरें टिकी हैं। इन्होंने गरीबों की जमीनों को औने-पौने दामों में खरीद शहर के एक बड़े प्रोपर्टी डीलर की झोली में डाल दी थी। कुछ रहनुमाओं ने इसमें बिचौलियों की भूमिका निभाते हुए चांदी कूटने का काम भी किया था। हाल ही में आयकर विभाग द्वारा करोड़ों रुपए की जमीनों को अटैच करने की कार्रवाई के दौरान इनकी पोल खुल गई।

आयकर विभाग अब गरीबों के मसीहा और रहनुमान बने इन नेताओं को नोटिस देने की कार्रवाई कर सकता है। सौदे खाजूवाला तहसील और बीकानेर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर रहने वाले गरीबों की जमीनों के हुए हैं। पिछले एक माह में बीकानेर शहर में बेनामी संपत्ति एक्ट के तहत करीब पचास प्रोपर्टी को अब तक अटैच किया जा
चुका है।

पूछताछ हुई तो सामने आया सच
बताया जाता है कि आयकर विभाग के हत्थे चढ़ी करोड़ों रुपए की जमीनों के तथाकथित मालिकों से आयकर विभाग अधिकारियों ने पूछताछ शुरू की तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। तथाकथित मालिकों ने जमीनों के सौदे होने से अनभिज्ञता जाहिर की। एक पीडि़त ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि जिन सौदों को लेकर आयकर विभाग पूछताछ कर रहा है, उसके संबंध में अधिकतर मालिकों को जानकारी तक नहीं है।

इनके बैंक खातों में करोड़ों रुपए की राशि पहुंची और निकल भी गई, इसके बावजूद इन्हें भनक तक नहीं लगी। बताया जाता है कि आयकर विभाग की खोजबीन शुरू हुई तो कई अन्य पहलू भी सामने आने लगे, जिनमें जमीनों के सौदों में नेताओं के हाथ होने की बातें सामने आई। अब इन नेताओं को अपने ही लोगों के सामने शर्मसार होना पड़ रहा है। बेनामी संपत्ति एक्ट के तहत बीकानेर में पहली और बड़ी कार्रवाई को देखते हुए विभाग के उच्चाधिकारी भी कई बार बीकानेर के चक्कर निकाल चुके हैं।

नापासर और कुचौर में फिर जमीनें अटैच
आयकर विभाग ने बेनामी संपत्ति एक्ट के तहत गुरुवार को नापासर और कुचौर अथूणी में करोड़ों रुपए की जमीनों को अटैच किया। जमीनें बीकानेर के एक प्रोपर्टी डीलर की है, जिसके यहां आयकर विभाग पहले भी करीब 50 प्रोपर्टी को अटैच करने की कार्रवाई कर चुका है।

आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो पिछले दो दिन से आयकर विभाग के अधिकारियों ने यहां शिवबाड़ी, वृन्दावन एन्क्लेव आदि स्थानों पर जमीनों को अटैच किया गया था। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार पिछले दो दिन में इंसपेक्टर रामकिशन यादव तथा तरुन जयमन ने कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस संबंध में आयकर विभाग के अधिकारियों से जमीनों की कीमतों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने जानकारी देने से इंकार कर दिया।

Published on: