
Ashok Gehlot : दिल्ली में दिल्ली में कल हुए प्रदर्शन में हिस्सा लेकर कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत आज बीकानेर पहुंचे। बीकानेर एयरपोर्ट पर मीडिया ने अशोक गहलोत कई सवाल पूछे, जिसका उन्होंने बेहद बेबाकी से उत्तर दिया। जानें अशोक गहलोत और मीडिया के बीच क्या हुआ?
सवाल : दिल्ली में कल हुए प्रदर्शन को लेकर आप क्या कहेंगे?
जवाब : दिल्ली में कल का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा। पूरे मुल्क में यह संदेश गया है कि लोकतंत्र को बचाने के लिए देशवासी आज भी पूरी तरह तैयार हैं। इस लड़ाई में पूरा देश और हमारी युवा पीढ़ी (Gen-Z) एकजुट है। हम किसी भी कीमत पर इन तानाशाही शक्तियों के मंसूबों को पूरा नहीं होने देंगे।
सवाल : जयपुर में आपने कहा था कि 'हम सब एक हैं', इसके क्या मायने हैं?
जवाब : मैंने बिल्कुल सही कहा। राजस्थान में मैंने सोच-समझकर यह बात कही है, और आपको यह एकजुटता जरूर दिखेगी। आज देश में जम्हूरियत खतरे में है। मल्लिकार्जुन खरगे साहब और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी इन तानाशाही शक्तियों के खिलाफ कड़ा संघर्ष कर रही है। ऐसे वक्त में अगर हम राज्यों में एकजुट नहीं होंगे, तो देश में लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई कैसे लड़ेंगे? हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता (Top Priority) सिर्फ और सिर्फ इस मुल्क में जम्हूरियत और लोकतंत्र को बचाना है।
सवाल : क्या भजनलाल सरकार में आईएएस और आईपीएस हावी हैं, जिस कारण ऐसी व्यवस्थाएं हो रही हैं?
जवाब : वहां सरकार नाम की कोई चीज़ ही नहीं है! खुद अधिकारी यह बात कह रहे हैं कि इस सरकार की प्रशासन पर कोई पकड़ या प्रभाव नहीं है।
सवाल : क्या 'जादूगर' अशोक गहलोत आगामी पंचायत राज चुनावों में अपना जादू दिखाएंगे?
जवाब : हम भारी बहुमत से चुनाव जीतेंगे। पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जी और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के साथ मिलकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सबको साथ लेकर चल रही है। पंचायत राज चुनावों के लिए जिलों, ब्लॉक और प्रदेश स्तर पर कमेटियां बना दी गई हैं। इस प्रक्रिया से पूरे प्रदेश में माहौल बदला है और मुझे पूरा विश्वास है कि हम सब एकजुट होकर इन चुनावों में शानदार जीत दर्ज करेंगे।